AAP Govt Again in 2027: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने दावा किया है कि राज्य की जनता ने साल 2027 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (AAP) को दोबारा सत्ता में लाने का मन बना लिया है। उन्होंने कहा कि पिछले चार वर्षों में सरकार द्वारा शुरू की गई जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों के कारण लोगों का सरकार पर भरोसा मजबूत हुआ है। मोगा जिले के गांव चरिक में आयोजित लोक मिलनी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में 90 प्रतिशत घरों को मुफ्त बिजली, प्रत्येक परिवार के लिए 10 लाख रुपये तक की स्वास्थ्य सुविधा, महिलाओं को आर्थिक सहायता, नहर सिंचाई का विस्तार, योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरियां और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार जैसे कदमों से लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कार्यक्रम की जानकारी साझा करते हुए बताया कि गांव चरिक के विकास के लिए 51 लाख रुपये की राशि दी गई है। साथ ही राज्य में 100 नए आम आदमी क्लीनिक जनता को समर्पित किए गए हैं, जिससे पंजाब में संचालित आम आदमी क्लीनिकों की संख्या बढ़कर 1,090 हो गई है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य नहर का पानी अधिक से अधिक खेतों तक पहुंचाना, 90 प्रतिशत घरों को शून्य बिजली बिल देना और युवाओं को पूरी पारदर्शिता के साथ सरकारी नौकरी उपलब्ध कराना है।
विपक्ष पर बोला हमला
मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल और भाजपा के पास जनता के लिए कोई स्पष्ट नेतृत्व या विजन नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि ये दल केवल सत्ता हासिल कर राज्य की संपत्ति को नुकसान पहुंचाना चाहते हैं, लेकिन पंजाब की जनता अब सब समझ चुकी है।
सिंचाई और बिजली व्यवस्था में सुधार का दावा
भगवंत मान ने कहा कि वर्ष 2022 में पंजाब में केवल 22 प्रतिशत नहर जल का उपयोग होता था, जबकि अब यह आंकड़ा 80 प्रतिशत से अधिक हो गया है। कई इलाकों में दशकों बाद पहली बार नहर का पानी पहुंचा है। उन्होंने कहा कि सरकार भूजल पर निर्भरता कम कर रही है और किसानों को धान सीजन में दिन के समय लगातार बिजली उपलब्ध कराई जा रही है।
ये भी पढ़ें- बेटियों की शादी के लिए पंजाब सरकार का बड़ा कदम, 5,492 लाभार्थियों को मिले 28.01 करोड़ रुपये
महिलाओं और स्वास्थ्य योजनाओं का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री मावां-धीआं सत्कार योजना के तहत 18 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपये तथा अनुसूचित जाति वर्ग की महिलाओं को 1,500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। वहीं मुख्यमंत्री सेहत योजना के तहत राज्य के प्रत्येक परिवार को 10 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है और अब तक इस योजना के तहत 650 करोड़ रुपये से अधिक के उपचार का लाभ लोगों को मिल चुका है।
68 हजार युवाओं को मिली सरकारी नौकरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने अब तक 68 हजार से अधिक युवाओं को पूरी पारदर्शिता और मेरिट के आधार पर सरकारी नौकरियां दी हैं। उन्होंने दावा किया कि सरकार का हर फैसला आम लोगों के हित और राज्य के विकास को ध्यान में रखकर लिया जा रहा है।
गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार कानून का भी किया जिक्र
भगवंत मान ने कहा कि सरकार द्वारा लाया गया जागत ज्योत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार (संशोधन) अधिनियम, 2026 भविष्य में बेअदबी की घटनाओं को रोकने के लिए मजबूत कानून साबित होगा। उन्होंने कहा कि यह कानून पूरी सावधानी से तैयार किया गया है ताकि इसमें किसी तरह की कानूनी कमजोरी न रहे। कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब की जनता ने पहले भी उन नेताओं को सत्ता से बाहर किया है जिन्होंने राज्य के हितों की अनदेखी की। उन्होंने विश्वास जताया कि विकास और जनहित के कार्यों के आधार पर जनता वर्ष 2027 में भी आम आदमी पार्टी को दोबारा सेवा का अवसर देगी।






