Travel from Amritsar to 27 international cities has become easier: एयर इंडिया ने सोमवार से श्री गुरु राम दास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, अमृतसर से ‘Easy Connect’ सेवा शुरू कर दी है। इस नई सुविधा के तहत यात्री अब दिल्ली के जरिए उत्तर अमेरिका, ब्रिटेन, यूरोप, ऑस्ट्रेलिया, पश्चिम एशिया और दक्षिण-पूर्व एशिया समेत 27 अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों तक अधिक आसानी से यात्रा कर सकेंगे। यह सेवा केंद्र सरकार के हब-एंड-स्पोक मॉडल के तहत शुरू की गई है।
दिल्ली में दोबारा चेक-इन की जरूरत नहीं
नई व्यवस्था के तहत अंतरराष्ट्रीय यात्री अमृतसर एयरपोर्ट पर ही अपने अंतिम गंतव्य तक का चेक-इन और इमिग्रेशन पूरा कर सकेंगे। इसके बाद दिल्ली पहुंचने पर उन्हें न तो दोबारा सामान चेक-इन कराना होगा और न ही टर्मिनल बदलने की जरूरत पड़ेगी। यात्री सीधे अंतरराष्ट्रीय ट्रांजिट के जरिए अपनी अगली उड़ान पकड़ सकेंगे।
केंद्रीय मंत्री ने दी शुभकामनाएं
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राम मोहन नायडू कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके, लेकिन उन्होंने वीडियो संदेश के जरिए सेवा की शुरुआत पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि अमृतसर में हब-एंड-स्पोक मॉडल का विस्तार देश के विभिन्न हिस्सों को विश्वस्तरीय हवाई संपर्क प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे पंजाब की वैश्विक कनेक्टिविटी मजबूत होगी और पर्यटन, व्यापार तथा सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा मिलेगा।
ये भी पढ़ें- CM भगवंत मान बोले पंजाब में सिफारिश नहीं, मेरिट के आधार पर मिलती है सरकारी नौकरी
अमृतसर से दिल्ली के लिए दो दैनिक उड़ानें
एयर इंडिया इस सेवा के तहत अमृतसर से दिल्ली के लिए प्रतिदिन दो उड़ानें संचालित करेगी।
- AI-1113 सुबह 9:10 बजे अमृतसर से रवाना होकर दिल्ली पहुंचेगी।
- AI-1115 रात 10:00 बजे अमृतसर से उड़ान भरकर 11:20 बजे दिल्ली पहुंचेगी।
इन उड़ानों के जरिए यात्री दिल्ली पहुंचने के चार घंटे के भीतर 27 अंतरराष्ट्रीय उड़ानों से जुड़ सकेंगे।
इन शहरों के लिए मिलेगी आसान कनेक्टिविटी
सुबह की उड़ान के जरिए यात्री लंदन, बर्मिंघम, पेरिस, मिलान, कोपेनहेगन, वियना, एम्स्टर्डम, ज्यूरिख, फ्रैंकफर्ट और रोम जैसे यूरोपीय शहरों तक पहुंच सकेंगे। वहीं रात की उड़ान से न्यूयॉर्क, नेवार्क, सैन फ्रांसिस्को, शिकागो, टोरंटो, वैंकूवर, मेलबर्न, सिडनी, सिंगापुर, फुकेत, बाली और दुबई सहित कई अन्य अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट उपलब्ध होगी।
पंजाब के प्रवासियों को होगा बड़ा फायदा
एयर इंडिया के ग्रुप हेड (गवर्नेंस, रिस्क, कंप्लायंस एवं कॉर्पोरेट अफेयर्स) पी. बालाजी ने कहा कि अमेरिका, कनाडा, ब्रिटेन और ऑस्ट्रेलिया सहित कई देशों में बड़ी संख्या में पंजाबी समुदाय रहता है। नई सेवा से यात्रियों को बार-बार चेक-इन और लंबी ट्रांजिट प्रक्रिया से राहत मिलेगी, जिससे उनकी यात्रा पहले की तुलना में अधिक आसान और सुविधाजनक होगी।





