30 जुलाई को करनाल में होगा राज्य स्तरीय वन महोत्सव, CM नायब सिंह सैनी करेंगे पौधारोपण अभियान की शुरुआत

SHARE:

The 77th State-level Van Mahotsav: हरियाणा का 77वां राज्य स्तरीय वन महोत्सव 30 जुलाई को पंडित दीनदयाल उपाध्याय मेडिकल यूनिवर्सिटी, कुटेल (करनाल) में आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर उपायुक्त आनंद कुमार शर्मा ने सोमवार को अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

युवा, महिलाओं और आम लोगों की होगी अधिक भागीदारी

उपायुक्त ने सभी विभागों को समय रहते अपनी जिम्मेदारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पौधारोपण अभियान में युवाओं, महिलाओं और आम लोगों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित की जाए। इसके लिए लोगों की सुविधा के अनुसार बसों की भी व्यवस्था की जाएगी।

सभी विभागों को सौंपे गए जिम्मेदारी के कार्य

बैठक में निर्देश दिए गए कि वन विभाग के साथ-साथ सभी सरकारी विभाग अपने-अपने क्षेत्र में पौधारोपण करें। लोक निर्माण विभाग (PWD), जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, सिंचाई विभाग और बिजली निगम को कार्यक्रम से जुड़े सभी आवश्यक कार्य जल्द पूरे करने के निर्देश दिए गए। वहीं, करनाल नगर निगम को आयोजन स्थल की साफ-सफाई और पहुंच मार्गों को रंग-बिरंगे झंडों से सजाने की जिम्मेदारी दी गई है। वन विभाग को मंच, आयोजन स्थल, होर्डिंग और बैनर लगाने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।

ये भी पढ़ें- अमृतसर से 27 अंतरराष्ट्रीय शहरों तक सफर हुआ आसान, Air India ने शुरू की Easy Connect सेवा

‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत होगा आयोजन

जिला वन अधिकारी नवल किशोर ने बताया कि इस वर्ष ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत राज्य स्तरीय वन महोत्सव की मेजबानी के लिए करनाल जिले का चयन किया गया है। कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और सभी विभागों के सहयोग से इसे सफल बनाया जाएगा।

20 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य, 2.5 लाख पौधे होंगे मुफ्त वितरित

वन विभाग ने वन महोत्सव के दौरान करीब 20 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य तय किया है। करनाल वन मंडल के अंतर्गत करनाल, असंध, इंद्री और ऑक्सीवन सहित चार वन रेंज हैं, जहां की 11 नर्सरियों में करीब 8.5 लाख छोटे और 2.5 लाख बड़े पौधे तैयार किए गए हैं। इनमें से करीब 2.5 लाख पौधे स्कूलों, शैक्षणिक संस्थानों, ग्राम पंचायतों और आम नागरिकों को निःशुल्क वितरित किए जाएंगे, ताकि जिले में अधिक से अधिक पौधारोपण हो और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिल सके।

Join us on:

Leave a Comment

Market Mystique
और पढ़ें