Ek Sham Shiv Ke Naam: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मंगलवार को कहा कि राज्य की शांति, सांप्रदायिक सौहार्द, भाईचारे और आपसी सद्भाव को किसी भी कीमत पर कमजोर नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता सभी धर्मों के त्योहार मिलकर मनाती है, इसलिए यहां नफरत फैलाने वाली ताकतें कभी सफल नहीं हो सकतीं। पटियाला में आयोजित ‘एक शाम शिव के नाम’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। सरकार का लक्ष्य ऐसा समानतापूर्ण समाज बनाना है, जहां सभी धर्मों के लोग आपसी सम्मान और सौहार्द के साथ रहें। उन्होंने कहा, “पंजाब ऐसी धरती है जहां हर बीज अंकुरित हो सकता है, लेकिन नफरत का बीज कभी नहीं पनप सकता। हमारे राज्य में एकता इतनी मजबूत है कि लोग हर त्योहार मिलकर मनाते हैं। हमारी सरकार सभी धर्मों का समान सम्मान करते हुए हर वर्ग के कल्याण के लिए कार्य कर रही है।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होकर उन्हें गर्व महसूस हो रहा है। उन्होंने इसे मानवता, एकता और प्रेम का संदेश देने वाला आयोजन बताया और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी पर खुशी जताई।
सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं
भगवंत मान ने कहा कि जनहित को प्राथमिकता देते हुए उनकी सरकार ने 19 टोल प्लाजा बंद किए हैं, जिससे आम लोगों की रोजाना लगभग 70 लाख रुपये की बचत हो रही है। उन्होंने बताया कि अब तक 68 हजार से अधिक सरकारी नौकरियां पूरी पारदर्शिता के साथ दी जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि राज्य के करीब 90 प्रतिशत परिवारों को मुफ्त बिजली मिल रही है, किसानों को दिन के समय बिजली आपूर्ति की जा रही है, 44 हजार किलोमीटर सड़कों का निर्माण किया जा रहा है और नहर सिंचाई व्यवस्था को मजबूत बनाया गया है ताकि किसानों को पर्याप्त पानी मिल सके।
ये भी पढ़ें- हरियाणा में रेडियोग्राफर अब कहलाएंगे रेडियोलॉजी ऑफिसर, कैबिनेट ने बदले सेवा नियम
महिलाओं को हर महीने मिल रही आर्थिक सहायता
मुख्यमंत्री ने मावां धीयां सत्कार योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि 1 जुलाई से महिलाओं के बैंक खातों में सीधे आर्थिक सहायता भेजी जा रही है। योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये, जबकि अनुसूचित जाति वर्ग की महिलाओं को 1,500 रुपये प्रति माह दिए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि 1 अगस्त को भी राशि सीधे लाभार्थियों के खातों में भेजी जाएगी। सामाजिक सुरक्षा पेंशन पाने वाली महिलाएं भी इस योजना का लाभ उठा सकेंगी।





