पंजाब में शेर-ए-पंजाब टी20 लीग की हुई शानदार शुरुआत, शुभमन गिल और अशर्दीप जैसे स्टार क्रिकेटर्स ने की शिरकत

SHARE:

Sher-e-Punjab T20: 2 अगस्त (रविवार) को  न्यू चंडीगढ़ के पीसीए इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में ‘शेर-ए-पंजाब टी20 लीग’ का औपचारिक रूप से शुभारंभ किया गया। ये पंजाब के लिए क्रिकेट के एक नए और सुनहरे अध्याय की शुरुआत का प्रतीक है। 

30 अगस्त से 13 सितंबर तक खेला जाएगा टूर्नामेंट

यह टूर्नामेंट 30 अगस्त से 13 सितंबर तक खेला जाएगा और इसमें भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान शुभमन गिल, अर्शदीप सिंह, अभिषेक शर्मा, गुरनूर बराड़, प्रभसिमरन सिंह और रमनदीप सिंह सहित राज्य के कई जाने-माने क्रिकेटर हिस्सा लेंगे। इस लीग के शुभारंभ की घोषणा पीसीए के सचिव गुरमीत सिंह मीट हेयर और अध्यक्ष अमरजीत सिंह मेहता ने की, जिसमें भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान शुभमन गिल और अर्शदीप सिंह उपस्थित थे।

27 रोमांचक मैचों में 6 टीमें करेंगी एक दूसरे का सामना 

इस लीग में कुल छह टीमें 27 रोमांचक मैचों में एक-दूसरे का सामना करेंगी। टूर्नामेंट राउंड-रॉबिन प्रारूप में खेला जाएगा। प्रत्येक फ्रेंचाइजी में एक प्रमुख खिलाड़ी और कम से कम दो दिग्गज खिलाड़ी होंगे, जिससे अंतरराष्ट्रीय सितारों, स्थानीय खिलाड़ियों और पंजाब के उभरते हुए प्रतिभाओं का शानदार मिश्रण देखने को मिलेगा। टूर्नामेंट का आधिकारिक लोगो भी जारी कर दिया गया है। 

शुभमन गिल ने पंजाब एसोसिएशन को दी बधाई

भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने कहा, “शेर-ए-पंजाब टी20 लीग युवा क्रिकेटरों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने और पंजाब और भारत के लिए खेलने की दिशा में आगे बढ़ने का एक शानदार मंच है। पंजाब ने हमेशा से ही कुछ बेहतरीन क्रिकेटर दिए हैं और मुझे विश्वास है कि यह लीग ऐसे और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को पहचानने में मदद करेगी। मैं इस शानदार पहल के लिए पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन को बधाई देता हूं और लीग की बड़ी सफलता की कामना करता हूं।”

पंजाब हमेशा से भारतीय क्रिकेट में सबसे बड़ा योगदान देने वाले राज्यों में से एक

पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव गुरमीत सिंह मीट हेयर ने कहा, “पंजाब हमेशा से भारतीय क्रिकेट में सबसे बड़ा योगदान देने वाले राज्यों में से एक रहा है। लाला अमरनाथ से लेकर युवराज सिंह जैसे महान खिलाड़ियों और अब शुभमन गिल, अर्शदीप सिंह, प्रभसिमरन सिंह और हरमनप्रीत कौर जैसे खिलाड़ियों तक, इस राज्य ने लगातार विश्व स्तरीय क्रिकेटर दिए हैं। पंजाब में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। इसीलिए हमें पूरा विश्वास है कि शेर-ए-पंजाब टी20 लीग देश के प्रमुख घरेलू टी20 टूर्नामेंटों में से एक बनकर उभरेगी।”

ये भी पढ़ें- CM सैनी का बड़ा फैसला, 150 सरकारी स्कूलों की नई इमारतें अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप होगी तैयार

उन्होंने कहा कि पंजाब क्रिकेट लीग मुख्यमंत्री एस. भगवंत सिंह मान की एक दूरदर्शी पहल है और इसका उद्देश्य पंजाब के उभरते क्रिकेटरों को अपनी प्रतिभा दिखाने और खेल के उच्चतम स्तर तक पहुंचने के लिए एक पेशेवर मंच प्रदान करना है। मीत हेयर ने आगे कहा, “यह लीग युवा क्रिकेटरों को अंतरराष्ट्रीय सितारों के साथ अपनी प्रतिभा दिखाने और अपने करियर में अगला कदम बढ़ाने के लिए एक उपयुक्त मंच प्रदान करेगी। हम सभी खिलाड़ियों, पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन और इस पहल से जुड़े सभी लोगों के आभारी हैं। हमें विश्वास है कि यह लीग एक शानदार और सफल पहल साबित होगी।

शेर-ए-पंजाब टी20 लीग पंजाब के युवा क्रिकेटरों के लिए एक बेहतरीन मंच

पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष अमरजीत मेहता ने कहा, “शेर-ए-पंजाब टी20 लीग हमारे राज्य के युवा क्रिकेटरों के लिए एक बेहतरीन मंच है और इस सपने को साकार करने में लगातार सहयोग देने के लिए हम मुख्यमंत्री भगवंत मान के आभारी हैं। यह लीग उभरते हुए खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय सितारों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करने, बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने और अपने क्रिकेट करियर में आगे बढ़ने का अवसर देगी। हम सभी खिलाड़ियों, पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन और इससे जुड़े सभी लोगों का धन्यवाद करते हैं। हमें विश्वास है कि शेर-ए-पंजाब टी20 लीग एक सफल पहल साबित होगी और पंजाब क्रिकेट के भविष्य को संवारने और उसे और मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।” इस अवसर पर पीसीए के सचिव गुरमीत सिंह मीट हेयर, अध्यक्ष अमरजीत मेहता, उपाध्यक्ष दीपक बाली, कोषाध्यक्ष सुनील गुप्ता और संयुक्त सचिव सिद्धांत शर्मा ने फ्रेंचाइजी मालिकों और क्रिकेटरों को सम्मानित किया।

यह उल्लेखनीय है कि इस लीग का उद्देश्य राज्य के युवा क्रिकेटरों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए एक सशक्त मंच प्रदान करना है, जिसके दौरान उन्हें भारत के शीर्ष खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करने का अवसर भी मिलेगा। पंजाब वर्षों से भारतीय क्रिकेट में सबसे बड़ा योगदान देने वाले राज्यों में से एक रहा है और शेर-ए-पंजाब टी20 लीग से राज्य के क्रिकेट पारिस्थितिकी तंत्र को और अधिक मजबूती मिलने की उम्मीद है।

शेर-ए-पंजाब टी20 लीग की नीलामी 9 अगस्त को होगी

शेर-ए-पंजाब टी20 लीग की नीलामी 9 अगस्त को होगी, जिसमें अमृतसर, फाजिल्का, जालंधर, लुधियाना, मोहाली और बठिंडा की छह फ्रेंचाइजी अपनी टीमें चुनेंगी। प्रत्येक फ्रेंचाइजी खिलाड़ियों पर कुल 45 लाख रुपये खर्च कर सकेगी। वह अपनी टीम में अधिकतम 20 खिलाड़ी शामिल कर सकती है। मार्की प्लेयर की कीमत 10 लाख रुपये तय की गई है, जबकि आइकन प्लेयर की बेस प्राइस 15 लाख रुपये है। इसके अलावा, पंजाब के प्रथम श्रेणी, अंडर-23, अंडर-19 और जिला स्तरीय खिलाड़ियों के लिए अलग-अलग बेस प्राइस भी तय की गई हैं।

 

Join us on:

Leave a Comment

Market Mystique
और पढ़ें