बीते कुछ वक्त से यह चर्चा काफी तेजी से चल रही थी कि सोनीपत के गोहाना उपमंडल को हरियाणा का नया जिला बनाया जा सकता है। लेकिन हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार के हालिया बयान ने इन अफवाहों पर विराम लगा दिया है। उन्होंने कहा कि 1 जनवरी से 31 दिसंबर 2026 तक जनगणना चल रही है। इस बीच किसी भी नए जिले की घोषणा नहीं की जाएगी।
इससे पहले 5 सदस्यों की कमेटी ने हांसी को जिला बनाने की घोषणा की थी। इसमें उनके अलावा मंत्री महिपाल ढांडा, विपुल गोयल, श्याम सिंह राणा और गृह सचिव सदस्य थे। लेकिन अब किसी भी नए जिले की घोषणा नहीं होगी।
विकास रैली में सीएम मुख्य अतिथि करेंगे शिरकत
29 मार्च को गोहाना में आयोजित होने वाली विकास रैली में सीएम नायाब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत करेंगे। विकास रैली का आयोजन सहकारिता एवं पर्यटन मंत्री डा. अरविंद शर्मा ने किया है। बीते कुछ वक्त से ऐसी चर्चाएं चल रही थी कि इस रैली के दौरान सीएम गोहाना को जिला बनाने की घोषणा कर सकते हैं। इससे पहले भी कई बार गोहाना को जिला बनाने की चर्चा चली है। लेकिन अब कृष्ण लाल पंवार के बयान ने इन चर्चाओं पर ब्रेक लगा दिया है।
इन शिकायतों का हुआ समाधान
शुक्रवार को विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार विकास भवन में जिला लोक संपर्क एवं परिवेदना समिति की मीटिंग की अध्यक्षता करने के लिए पहुंचे थे। इस बैठक में 16 शिकायतें रखी गईं थी इनमें से 12 शिकायतों का समाधान किया गया। बैठक के दौरान कृष्ण लाल पंवार ने बीते एक साल के अंदर जारी हुए मृत्यु प्रमाण पत्रों की जांच के लिए समिति का गठन करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त पंचायती जमीन पर कब्जे को लेकर भी एक अन्य समिति जांच करेगी।
LPG संकट पर दी प्रतिक्रिया
ईरान, इजरायल और अमेरिका युद्ध के बीच जारी LPG संकट पर भी मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान जिस प्रकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को संभाला था ठीक उसी तरह इस बार भी हम इस संकट से निपट लेंगे। इसके साथ ही मंत्री ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि गैस सिलेंडर का सही तरीके से इस्तेमाल करें और भंडारण न करें। डीजल का भी भंडारण न करें, जितनी जरूरत है उतना ही लेकर रखें।
ये भी पढ़ें- HC का बड़ा फैसला, 232 अभ्यर्थियों का रिजल्ट जल्द होगा जारी
हाईलाइट्स
- हरियाणा में नया जिला बनाने की चर्चाओं पर सरकार ने लगाया विराम
- मंत्री कृष्ण लाल पंवार बोले- जनगणना के दौरान नहीं होगी कोई नई घोषणा
- गोहाना को जिला बनाने की अटकलों पर फिलहाल ब्रेक
- पहले हांसी को जिला बनाने के लिए बनी थी 5 सदस्यीय कमेटी
- 29 मार्च को गोहाना में विकास रैली, सीएम नायब सिंह सैनी होंगे मुख्य अतिथि
- रैली में जिला घोषित होने की अटकलें अब हुईं खारिज
- लोक संपर्क एवं परिवेदना समिति की बैठक में 16 में से 12 शिकायतों का समाधान
- मृत्यु प्रमाण पत्रों की जांच के लिए समिति बनाने के निर्देश
- पंचायती जमीन कब्जों की जांच के लिए भी अलग कमेटी बनेगी
- LPG संकट पर मंत्री की अपील- गैस व डीजल का भंडारण न करें
- लोगों से जरूरत के अनुसार ही ईंधन इस्तेमाल करने की अपील






