Faridabad: फरीदाबाद के सूरजकुंड में स्थित एक प्राइवेट इंजीनियरिंग हॉस्टल में बंग्लादेश के रहने वाले एक छात्र ने आत्महत्या कर ली। मृतक छात्र की पहचान मुस्ताक के रूप में हुई है, जो बीटेक सैकेंड ईयर का छात्र था। इस घटना की सूचना प्राप्त होते ही सूरजकुंड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला लग रहा है।
घटना के वक्त रुम में अकेला था छात्र
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुस्ताक कॉलेज हॉस्टल की दूसरी मंजिल पर अपने एक साथी छात्र के साथ रह रहा था। घटना के समय उसका रूममेट किसी काम से बाहर गया हुआ था। जब वह वापस कमरे में पहुंचा तो उसने मुस्ताक को पंखे से लटका देखा। इसके बाद हॉस्टल में हड़कंप मच गया। साथी छात्रों ने आनन-फानन में उसे नीचे उतारकर नजदीकी प्राइवेट अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बांग्लादेश दूतावास को घटना की जानकारी दी गई
घटना की जानकारी प्राप्त होते ही पुलिस टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञ मौके पर पहुंचे। कमरे की तलाशी के दौरान कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखवा दिया है। मृतक के परिजनों के साथ-साथ बांग्लादेश दूतावास को भी घटना की जानकारी दे दी गई है।
जांच के दौरान कुछ ऐसी बातें सामने आयी हैं, जिससे प्रेम-प्रसंग की आशंका जताई जा रही है। सूत्रों की माने तो छात्र की बातचीत किसी लड़की से होती थी। लेकिन वो लड़की कॉलेज की नहीं बताई जा रही है। पुलिस इस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।






