गोहाना में बंद कट्टे में मिला महिला का शव, पति पर हत्या का आरोप

SHARE:

सोनीपत: रविवार देर रात गोहना नई सब्जी मंडी क्षेत्र में एक निर्माणाधीन मकान की नींव में कट्टे में एक महिला का शव मिलने से हडकंप मच गया। इस घटना की जानकारी प्राप्त होते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया। प्रारंभिक जांच के दौरान महिला के पति पर हत्या कर शव को छिपाने का आरोप लगा है।

प्रियंका ऊर्फ सीमा का शव बंद कट्टे में मिला

सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, वन विभाग वाली गली में रहने वाली प्रियंका उर्फ सीमा का शव नई सब्जी मंडी के पीछे एक निर्माणाधीन मकान की नींव में पड़ा मिला। इस मामले की सूचना मिलते ही डीएसपी गोहाना, थाना शहर गोहाना के एसएचओ और कोर्ट कॉम्प्लेक्स चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी।

घरेलू विवाद में ली पत्नी की जान

एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया ताकि जरूरी सबूतों को जुटाया जा सके। पुलिस के द्वारा की गई जांच में सामने आया है कि महिला मूल रूप से गांव घड़वाल की रहने वाली थी और फिलहाल गोहाना में रह रही थी। आरोप है कि पति संदीप ने घरेलू विवाद के चलते पत्नी की हत्या कर दी और शव को कट्टे में बंद कर पास के प्लॉट की नींव में डाल दिया। इस घटना के बाद आरोपी फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस हर एंगल से घटना की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।

Join us on:

Leave a Comment