झज्जर: झज्जर जिले के तलाव गांव में हाईटेंशन लाइन पर काम करते समय करंट लगने से 40 वर्षीय प्रदीप की मौत हो गई। प्रदीप फतेहपुरी गांव का रहने वाला था और ठेकेदार के माध्यम से बिजली विभाग में काम कर रहा था। हादसे के बाद गुरुवार को सिविल अस्पताल में उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब मृतक के परिजनों, रिश्तेदारों और ग्रामीणों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।
हाईटेंशन लाइन पर काम करते वक्त चालू कर दी बिजली सप्लाई
परिजनों का आरोप था कि जिस समय प्रदीप हाईटेंशन लाइन पर काम कर रहा था, उसी दौरान लापरवाही बरतते हुए बिजली सप्लाई चालू कर दी गई, जिससे उसे करंट लग गया। परिवार ने घटना के लिए जिम्मेदार ठेकेदार और संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। गुस्साए परिजनों ने चेतावनी दी कि अगर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो वे शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन करेंगे। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।
पुलिस मामले की जांच में जुटी
स्थिति को संभालने के लिए वरिष्ठ अधिकारी सिविल अस्पताल पहुंचे और मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया। अधिकारियों ने परिवार को आर्थिक सहायता देने और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिलाया। काफी समझाने-बुझाने के बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए राजी हुए, जिसके बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली। बाद में पुलिस ने इस मामले में एफआईआर भी दर्ज कर ली। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।






