यमुनानगर में दर्दनाक हादसा, ट्रक पलटने से 4 लोगों की मौत

SHARE:

यमुनानगर: हरियाणा के यमुनानगर जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। यह हादसा जगाधरी-पांवटा साहिब नेशनल हाईवे पर कालेसर गांव के पास हुआ, जहां मक्के से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर दो मोटरसाइकिलों पर पलट गया। मृतकों की पहचान चूहड़पुर गांव निवासी 45 वर्षीय राजिंदर कुमार, उनकी 12 वर्षीय बेटी मिनी, 14 वर्षीय बेटी सिमी और दौलतपुर गांव निवासी उनके रिश्तेदार फूल सिंह के रूप में हुई है। हादसे में राजिंदर कुमार की पत्नी उषा घायल हो गईं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हिमाचल प्रदेश जा रहा था परिवार 

जानकारी के अनुसार, राजिंदर कुमार अपने परिवार और रिश्तेदार के साथ हिमाचल प्रदेश स्थित धार्मिक स्थल रेणुका जी जा रहे थे। परिवार दो मोटरसाइकिलों पर सवार था। एक बाइक पर राजिंदर कुमार और उनकी पत्नी उषा थे, जबकि दूसरी मोटरसाइकिल पर फूल सिंह और राजिंदर की दोनों बेटियां सवार थीं। बताया जा रहा है कि सुबह करीब 10 बजे जब वे कालेसर गांव के पास लाल डांग ढलान पर पहुंचे, तभी हिमाचल की ओर से आ रहा मक्के से लदा ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और दोनों मोटरसाइकिलों पर पलट गया।

ट्रक के नीचे दबने से चार लोगों की मौके पर ही मौत

हादसा इतना भयावह था कि ट्रक के नीचे दबने से चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। उषा एक तरफ गिर गईं, जिससे उनकी जान बच गई, लेकिन उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस ने राहत कार्य शुरू किया। ट्रक में भरे मक्के के बोरे हटाने के बाद शवों को बाहर निकाला गया।

सूचना मिलते ही प्रताप नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रताप नगर थाना के SHO रोहताश सिंह ने बताया कि घायल महिला का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

Join us on:

Leave a Comment