हरियाणा रोडवेज बसों में सफर करने वाले यात्रियों का सफर अब और भी आसान होने जा रहा है। हरियाणा परिवहन विभाग ने रोडवेज बसों में टिकट भुगतान के लिए UPI सुविधा शुरू करने का फैसला लिया है। ऐसे में यात्री अपने टिकट भुगतान के लिए UPI का इस्तेमाल कर सकेंगे। इस सुविधा की शुरूआत हरियाणा के किसी एक जिले से पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर शुरू की जाएगी। प्रोजेक्ट के सफल होने के बाद इसे प्रदेश के तमाम जिलों और बस डिपो पर लागू कर दिया जाएगा।
श्रम एवं परिवहन मंत्री अनिल विज ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि रोडवेज बसों में टिकट भुगतान से संबंधित तकनीकी कार्य तकरीबन पूरा हो चुका है और अब इसे जल्द जमीन पर उतारा जाएगा। उन्होंने संबंधित तमाम अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इस व्यवस्था को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाए। जिससे यात्रियों को बिना किसी परेशानी के डिजिटल भुगतान की सुविधा प्राप्त हो सके।
ट्रॉयल के तौर पर किसी एक जिले से होगी शुरूआत
हरियाणा परिवहन विभाग के अनुसार, प्रदेश के किसी एक जिले से ट्रॉयल के तौर पर रोडवेज बसों में UPI पेमेंट भुगतान की शुरूआत होगी। इसे पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर शुरू किया जाएगा। वहां से मिले रिस्पॉन्स और पॉजिटिव फीडबैक के बाद इसे प्रदेश के सभी जिलो और डिपो में लागू कर दिया जाएगा।
नकद भुगतान और छुट्टे पैसों की समस्या होगी खत्म
परिवहन मंत्री अनिल विज ने कहा कि वर्तमान में अधितकर यात्री बस में यात्रा के दौरान टिकट खरीदने के लिए नकद पैसे देते हैं, जिससे छुट्टे पैसे की समस्या और समय की देरी जैसी दिक्कतें सामने आती हैं। UPI भुगतान लागू होने से यात्रियों को मोबाइल के माध्यम से तुरंत भुगतान करने की सुविधा मिलेगी और नकदी पर निर्भरता कम होगी।
ये भी पढ़ें- ग्रुप डी के कर्मचारियों को गेहूं खरीदने के लिए 27 हजार रूपये देगी सैनी सरकार
राजस्व संग्रहण में बढ़ेगी पारदर्शिता
परिवहन विभाग का कहना है कि डिजिटल भुगतान व्यवस्था लागू होने से यात्रियों को सुविधा मिलने के साथ-साथ, राजस्व संग्रहण में भी पारदर्शिता और दक्षता बढ़ेगी। प्रदेश सरकार का लक्ष्य है कि आने वाले समय में हरियाणा रोडवेज की सभी बसों में आधुनिक डिजिटल भुगतान प्रणाली पूरी तरह लागू हो जाए।
हाइलाइट्स:
• हरियाणा रोडवेज बसों में UPI से टिकट भुगतान की तैयारी
• पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर एक जिले से होगी शुरुआत
• ट्रायल सफल होने पर पूरे प्रदेश में लागू होगी सुविधा
• यात्रियों को कैशलेस और आसान भुगतान का विकल्प
• छुट्टे पैसों और देरी की समस्या से मिलेगी राहत
• अनिल विज ने दिए चरणबद्ध लागू करने के निर्देश
• डिजिटल पेमेंट से बढ़ेगी पारदर्शिता और दक्षता
• राजस्व संग्रहण प्रणाली होगी और मजबूत
• मोबाइल से तुरंत टिकट भुगतान की सुविधा उपलब्ध





