पानीपत: मंगलवार (16 जून) को पानीपत के पुलिस अधीक्षक (SP) भूपेंद्र सिंह ने 28 पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इन पुलिसकर्मियों ने 12 साल के बच्चे के अपहरण मामले में पेशेवर दक्षता और तुरंत कार्रवाई का परिचय देते हुए मात्र 11 घंटे के भीतर उसे सुरक्षित बरामद कर लिया। बताया जा रहा है जिस 12 वर्षीय बच्चे का अपहरण किया गया था वो एक थर्मल पावर प्लांट के कार्यकारी अभियंता (Executive Engineer) का पुत्र है। पुलिस टीम ने इस मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनमें एक महिला भी शामिल है। मुठभेड़ के दौरान दो आरोपियों के पैरों में गोली लगी।
11 घंटे में सफल रेस्क्यू ऑपरेशन
पुलिस के द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, जैसे ही उनकी टीम को बच्चे के अपहरण की सूचना प्राप्त हुई तुरंत ही विभिन्न यूनिटों ने मिलकर कार्रवाई शुरू कर दी। तकनीकी संसाधनों, खुफिया जानकारी और सतत निगरानी के आधार पर पुलिस ने आरोपियों का पता लगाया और बच्चे को सुरक्षित मुक्त कराया। SP भूपेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने जिम्मेदारी, साहस और तत्परता के साथ काम करते हुए बच्चे की सुरक्षित बरामदगी सुनिश्चित की। उन्होंने कहा कि यह सफलता पुलिस विभाग की जनसेवा और नागरिक सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
पुलिस टीम की सराहना
SP ने कहा कि इस तरह के ऑपरेशन कठिन परिस्थितियों में किए जाते हैं और इसमें तकनीकी संसाधनों, खुफिया इनपुट और विभिन्न इकाइयों के बीच बेहतर तालमेल की आवश्यकता होती है। उन्होंने कहा कि इस सफलता ने जनता का पुलिस पर भरोसा और मजबूत किया है। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों से भविष्य में भी इसी तरह समर्पण और ईमानदारी के साथ कार्य करने की अपील की।
बच्चे और परिवार ने SP से की मुलाकात
अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद बच्चा अपने माता-पिता के साथ SP कार्यालय पहुंचा। बच्चे की मां सुनीता (XEN) और पिता समीर (DGM, GAIL) ने पुलिस का आभार व्यक्त किया। SP ने बच्चे से मुलाकात कर उसका हालचाल जाना और उसे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। इस मौके पर ASP हर्षित गोयल और अन्य DSP भी मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें- स्वास्थ्य विभाग में 532 युवाओं को मुख्यमंत्री भगवंत मान सिंह ने सौंपे नियुक्ति पत्र
28 पुलिसकर्मी सम्मानित
इस सफल ऑपरेशन में शामिल कई पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इनमें CIA-I, CIA-II, थाना मतलौडा, स्पेशल सेल और साइबर सेल के अधिकारी और जवान शामिल हैं। SP ने कहा कि यह उपलब्धि पुलिस बल की टीमवर्क, त्वरित निर्णय क्षमता और तकनीकी दक्षता का उदाहरण है।






