Panipat Double Murder Case: पानीपत और पंजाब के डेरा बस्सी क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज और खौफनाक वारदात सामने आयी है। यहां एक युवक ने पहले अपने चाचा की गोली मारकर हत्या की और फिर अपने दोस्त की भी हत्या कर दी। दोनों हत्याओं के बाद आरोपी ने शवों को नहर किनारे फेंक दिया और फरार होने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उसे एनएच-44 पर गिरफ्तार कर लिया।
पुराने प्रॉपर्टी विवाद में चाचा की गोली मारकर हत्या
यह मामला 17 जून (बुधवार) की शाम का है। पानीपत निवासी आरोपी सनील मलिक अपने चाचा राहुल मलिक से मिलने डेरा बस्सी, मोहाली गया था। वहां पुराने प्रॉपर्टी विवाद को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हुई, जो बाद में गोलीबारी में बदल गई। इसी दौरान आरोपी ने अपने चाचा को गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना में एक अन्य व्यक्ति घायल भी हुआ, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
लाश को कार में रखकर पानीपत पहुंचा आरोपी
हत्या के बाद आरोपी ने चाचा की लाश अपनी टाटा सफारी में रखी और पानीपत की ओर निकल गया। इस दौरान डेरा बस्सी पुलिस ने वाहन की लोकेशन और जानकारी हरियाणा पुलिस के साथ साझा कर दी थी।
ये भी पढ़ें- पंजाब सरकार का बड़ा तोहफा, Bank PO और LIC/GIC परीक्षाओं के लिए मिलेगी मुफ्त कोचिंग, 30 जून तक करें आवेदन
पानीपत पहुंचकर दोस्त को उतारा मौत के घाट
पानीपत पहुंचने के बाद आरोपी ने अपने दोस्त अंकुश को नहर किनारे बुलाया। यहां किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने उसे भी गोली मार दी। इसके बाद उसने दोनों शवों को नहर किनारे फेंक दिया और दिल्ली की ओर भागने की कोशिश की।
NH-44 पर पुलिस के शिकंजे में आया आरोपी
इस मामले की सूचना मिलते ही सोनीपत की स्पेशल एंटी गैंगस्टर यूनिट (SAGU) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को भिगान टोल प्लाजा के पास NH-44 पर पकड़ लिया और उसे पानीपत पुलिस के हवाले कर दिया।
जांच जारी, पुलिस कर रही गहन पूछताछ
दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल पानीपत भेज दिया गया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि वारदात पूरी तरह व्यक्तिगत रंजिश थी या इसके पीछे कोई और साजिश भी शामिल है।






