पंचकूला: पंचकूला पुलिस ने वक्त रहते हुए बड़ी लूट की साजिश को नाकाम करने में सफलता हासिल की है। बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में आए 5 हथियारबंद आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर उनके नापाक मनसूबों पर पानी फेर दिया।
आरोपियों के पास कई हथियार बरामद
गिरफ्तार किए गए इन आरोपियों के पास पुलिस ने एक विदेशी पिस्टल, छह जिंदा कारतूस, लोहे की रॉड, कुल्हाड़ी और एक भाला बरामद किया है। इसके अतिरिक्त वारदात में इस्तेमाल होने वाली एक कार को भी जब्त कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक, खुशदीप, बाब्लू, हृतिक और नविश के रूप में हुई है। ये सभी पंजाब के मुक्तसर जिले के मलोट क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने की कार्रवाही
पुलिस का कहना है कि 18 जून को उन्हें सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध लोग एक गोशाला के पास कार में इकट्ठा होकर बड़ी लूट की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर छापा मारा और तीन आरोपियों ने भागने की कोशिश भी की, लेकिन सभी को दबोच लिया गया। जांच में सामने आया कि आरोपियों के बीच पहले हुए विवाद के बाद 13 जून को ये मलोट से फरार हो गए थे। इस दौरान बाब्लू ने कथित तौर पर फायरिंग भी की थी। फरारी के बाद पैसे खत्म होने पर उन्होंने लूट की योजना बनानी शुरू कर दी थी।
नशा तस्करी और चोरी के कई मामले दर्ज
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, हृतिक के खिलाफ पहले से ही नशा तस्करी और चोरी के कई मामले दर्ज हैं। सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से दीपक और खुशदीप को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया, जबकि बाकी तीन आरोपियों को चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।






