NEET परीक्षा से 1 घंटे पहले हिसार की छात्रा ने कीटनाशक पीकर कर ली आत्महत्या

SHARE:

हिसार: हरियाणा के हिसार जिले में NEET परीक्षा देने जा रही 19 वर्षीय छात्रा ने रविवार की सुबह जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। छात्रा ने परीक्षा शुरू होने से कुछ घंटे पहले इतना बड़ा खौफनाक कदम उठाया। बताया जा रहा है छात्रा का नीट का यह तीसरा प्रयास था। 

राजस्थान के सीकर में कर रही थी तैयारी

मृतक छात्रा हिसार के बरवाला क्षेत्र स्थित धानी खान बहादुर गांव की रहने वाली थी। वह मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET की तैयारी के लिए राजस्थान के सीकर में रहकर पढ़ाई कर रही थी। परिजनों ने बताया कि उनकी बेटी रविवार सुबह परीक्षा देने वाली थी। परीक्षा के लिए उसने पूरी रात बैठ कर पढ़ाई की थी और सुबह 11 बजे परीक्षा केंद्र के लिए निकलने की बात कही थी। 

घर में रखा कीटनाशक पीने से छात्रा की मौत

रविवार की सुबह करीब 10 बजे छात्रा को उल्टियां होने लगीं। घर पर मौजूद उसकी मां उसे तुरंत गांव के एक डॉक्टर के पास लेकर गई। प्राथमिक उपचार के बावजूद हालत में सुधार नहीं हुआ। परिजनों से पूछताछ के दौरान छात्रा ने कथित तौर पर घर में रखा कीटनाशक पीने की बात बताई। इसके बाद उसे गंभीर हालत में हिसार के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पिता HAFED में हैं फील्ड ऑफिसर

छात्रा के पिता उकलाना में HAFED में फील्ड ऑफिसर हैं। उन्होंने बताया कि बेटी रविवार सुबह तक सामान्य लग रही थी और उसके व्यवहार से ऐसा कोई संकेत नहीं मिला था कि वह इतना बड़ा कदम उठा सकती है।

पहले दो प्रयास नहीं रहे सफल

जानकारी के अनुसार, छात्रा NEET के पहले प्रयास में सफल नहीं हो सकी थी। वहीं उसका दूसरा प्रयास पेपर लीक विवाद के कारण रद्द हो गया था। इस बार वह तीसरी बार परीक्षा देने जा रही थी।

ये भी पढ़ें- सोनीपत में पुलिस मुठभेड़ में 25 मामलों का आरोपी बदमाश ढेर, हेड कांस्टेबल भी घायल

पुलिस जांच जारी

हिसार के पुलिस अधीक्षक ने बताया कि 19 वर्षीय NEET अभ्यर्थी की मौत की सूचना मिली है। हालांकि फिलहाल यह कहना जल्दबाजी होगी कि घटना का कारण परीक्षा का दबाव था। पोस्टमार्टम कराया जा चुका है और मामले की जांच जारी है।

मौत की वजह पर अभी संशय

गांव के सरपंच ने भी कहा कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि छात्रा ने परीक्षा के तनाव में यह कदम उठाया या इसके पीछे कोई अन्य कारण था। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

 

Join us on:

Leave a Comment