Haryana tourist creates a ruckus in Mussoorie: उत्तराखंड के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मसूरी में सोमवार रात हरियाणा से आए एक पर्यटक ने जमकर हंगामा किया। आरोप है कि पर्यटक ने महिला समेत कई लोगों पर हमला कर दिया, जिसमें एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
कार से स्थानीय दंपति को मारी टक्कर
पुलिस के मुताबिक, सोमवार रात एक स्थानीय दंपति मॉल रोड पर टहल रहा था। इसी दौरान हरियाणा नंबर की एक कार ने उन्हें टक्कर मार दी। जब दंपति ने चालक को सावधानी से वाहन चलाने की बात कही, तो कार सवार लोग गाड़ी से उतरकर उनसे बहस करने लगे।
प्लास्टिक की क्रेट उठाकर लोगों पर किया हमला
विवाद बढ़ने पर आरोपित पर्यटक ने पास की एक दुकान के बाहर रखी प्लास्टिक की क्रेट उठाकर वहां मौजूद लोगों पर हमला कर दिया। हमले में कई लोगों के सिर और पीठ पर चोटें आईं, जबकि एक महिला के सिर में गंभीर चोट लगी।
मौके पर पहुंची पुलिस, आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पर्यटक को हिरासत में ले लिया। उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। साथ ही वाहन की जांच के दौरान मोटर वाहन अधिनियम के उल्लंघन पाए जाने पर उसकी कार का चालान भी काटा गया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। स्थानीय लोगों का दावा है कि आरोपी पर्यटक शराब के नशे में था, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
ये भी पढ़ें- ‘युद्ध नशे विरुद्ध’ अभियान तेज करने के निर्देश, पंजाब को पूरी तरह नशा मुक्त बनाने का लक्ष्य: CM भगवंत मान
पुलिस ने क्या कहा?
मसूरी के थाना अध्यक्ष (SHO) देवेंद्र चौहान ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा, “एक पर्यटक ने कुछ लोगों पर हमला किया था। उसे हिरासत में ले लिया गया है और वाहन की जांच में मोटर वाहन अधिनियम के उल्लंघन पाए जाने पर कार का चालान भी किया गया है।”
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
यह पहला मौका नहीं है जब उत्तराखंड में पर्यटकों के अभद्र व्यवहार की घटना सामने आई हो।
- 16 जून को ऋषिकेश के तपोवन क्षेत्र में हरियाणा नंबर की कार में तेज आवाज में संगीत बजाने को लेकर पुलिस और पर्यटकों के बीच विवाद हुआ था।
- वहीं कर्णप्रयाग में पार्किंग विवाद को लेकर चार निहंगों को तलवार से हमला करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
- इसके अलावा रुद्रप्रयाग में गुरुद्वारे को लेकर भी विवाद सामने आया था।
लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के बाद स्थानीय लोग पर्यटन सीजन के दौरान कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता जता रहे हैं और बाहरी पर्यटकों द्वारा हिंसा एवं सार्वजनिक अव्यवस्था फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।






