Mukhyamantri Sehat Yojana: पंजाब के मलेरकोटला के रहने वाले शेख जीशान कुरैशी को जब अचानक दिल की समस्या हुई, तो उन्हें तुरंत इलाज की जरूरत पड़ी। आनन-फानन में शेख जीशान को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने डायग्नोस्टिक एंजियोग्राम के साथ पर्क्यूटेनियस ट्रांसल्यूमिनल कोरोनरी एंजियोप्लास्टी (PTCA) यानी एंजियोप्लास्टी की।
आपको बता दें कि पीटीसीए (PTCA) एक जीवनरक्षक प्रक्रिया होती है जो हार्ट अटैक के दौरान बंद हो चुकी धमनियों को खोलकर हृदय में रक्त प्रवाह को बहाल करती है। डॉक्टरों का कहना है कि ऐसे मामलों में हर मिनट बहुत ही अहम होता है, क्योंकि इलाज में देरी से हृदय को स्थायी नुकसान पहुंच सकता है और मौत का खतरा भी बढ़ जाता है। लेकिन कई परिवारों के लिए इमरजेंसी इलाज का खर्च उठाना बड़ी चुनौती बन जाता है, जिससे इलाज में बहुत देर हो जाती है। ऐसे मामलों में कई बार मरीज की जान भी चली जाती है।
मुख्यमंत्री सेहत योजना से कैशलेस इलाज की सुविधा
ऐसी स्थिति में पंजाब सरकार की मुख्यमंत्री सेहत योजना लोगों के लिए बड़ी राहत बनकर सामने आई है। यह योजना पात्र परिवारों को कैशलेस इलाज की सुविधा प्रदान करती है। शेख जीशान कुरैशी के इलाज पर कुल 80,320 रुपये खर्च हुए, जिसे पूरी तरह मुख्यमंत्री सेहत योजना के तहत कवर किया गया। शेख जीशान कुरैशी ने पंजाब सरकार का आभार जताते हुए कहा कि “मैं और मेरे परिवार के लिए यह बहुत बड़ी राहत थी कि समय पर बिना किसी आर्थिक तनाव के इलाज हो गया। मुख्यमंत्री सेहत योजना ने पंजाब के लोगों के लिए आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ बना दिया है।”
पांच महीने में 6,000 से ज्यादा कार्डियक प्रक्रियाएं
पंजाब की राज्य स्वास्थ्य एजेंसी (SHA) के अनुसार, बीते 5 महीनों में मुख्यमंत्री सेहत योजना के अंतर्गत 6,000 से अधिक कार्डियक प्रक्रियाएं की गई हैं। इनमें सबसे अधिक संख्या पीटीसीए प्रक्रियाओं की रही, जिससे मरीजों को अस्पताल के बिल की चिंता किए बिना तुरंत इलाज मिल सका। पीटीसीए और डायग्नोस्टिक एंजियोग्राम इस योजना के तहत खर्च की दूसरी सबसे बड़ी श्रेणी है, जिस पर अब तक 64.82 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। इस योजना का लाभ पंजाब के 6,138 मरीजों को मिल चुका है। मरीजों की संख्या के लिहाज से यह छठी सबसे बड़ी श्रेणी है। प्रति मरीज औसत खर्च करीब 1.06 लाख रुपये रहा, हालांकि उपचार की जटिलता के आधार पर खर्च अलग-अलग हो सकता है।
हरजिंदर कौर को भी मिला इस योजना का लाभ
हार्ट अटैक के दौरान पीटीसीए जैसी आपातकालीन प्रक्रिया जीवन बचाने में अहम भूमिका निभाती है। मुख्यमंत्री सेहत योजना के तहत कैशलेस सुविधा मिलने से अस्पतालों को बिना आर्थिक देरी के तुरंत इलाज शुरू करने में मदद मिल रही है। ऐसे मामले केवल शेख जीशान कुरैशी तक ही सीमित नहीं है, गुरदासपुर जिले की 60 वर्षीय हरजिंदर कौर को भी इस योजना का लाभ मिला। उन्होंने अमृतसर के महाजन अस्पताल में पीटीसीए, डायग्नोस्टिक एंजियोग्राम और अस्थायी पेसमेकर प्रत्यारोपण करवाया। उनके बेटे और किसान गुरमीत सिंह ने कहा कि वे अपने दम पर इस इलाज का खर्च उठाने में सक्षम नहीं थे। उन्होंने कहा, “अगर मेरे पास सेहत कार्ड नहीं होता, तो मैं अपनी मां का इलाज नहीं करा पाता। इलाज का खर्च हमारी क्षमता से कहीं ज्यादा था। आज मेरी मां की हालत में सुधार है और इसका श्रेय मुख्यमंत्री सेहत योजना को जाता है।”
डॉक्टरों ने बताया क्यों जरूरी है तुरंत इलाज
पटियाला के सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं राजिंदरा अस्पताल के कार्डियोलॉजी विभाग के प्रमुख और एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. सौरभ शर्मा ने कहा कि पीटीसीए हार्ट अटैक के मरीजों के लिए सबसे महत्वपूर्ण आपातकालीन उपचारों में से एक है। उन्होंने कहा, “इलाज में हर मिनट की देरी हृदय को स्थायी नुकसान पहुंचाने का खतरा बढ़ा देती है। मुख्यमंत्री सेहत योजना के तहत कैशलेस इलाज मिलने से डॉक्टरों को परिवार के पैसे जुटाने का इंतजार नहीं करना पड़ता और वे तुरंत उपचार शुरू कर सकते हैं।”
ये भी पढ़ें- HTET 2026 एडमिट कार्ड आज होंगे जारी, 4 और 5 जुलाई को होगी परीक्षा, जानें डाउनलोड करने का तरीका
लोगों का बढ़ा भरोसा
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि यह योजना राज्यभर में आपातकालीन हृदय उपचार तक पहुंच को बेहतर बना रही है। उन्होंने कहा, “कैशलेस इलाज की सुविधा ने मेडिकल इमरजेंसी के दौरान मरीजों और उनके परिवारों की हिचक कम की है। अब अधिक लोग समय पर अस्पताल पहुंच रहे हैं और डॉक्टर बिना आर्थिक बाधा के इलाज शुरू कर पा रहे हैं। इससे कई लोगों की जान बच रही है।” स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सेहत योजना के तहत लगातार बढ़ रही कार्डियक प्रक्रियाओं की संख्या इस बात का संकेत है कि लोगों में इस योजना के प्रति जागरूकता और सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं पर भरोसा बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री सेहत योजना के तहत पंजाब के परिवारों को कैशलेस इलाज की सुविधा दी जाती है, जिसमें उन्नत हृदय उपचार समेत कई प्रकार की स्वास्थ्य सेवाएं शामिल हैं।






