Noida-Gurugram to get new rapid rail: दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के पूरा होने के बाद अब एक और बड़े RRTS (रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम) प्रोजेक्ट की तैयारी शुरू हो गई है। नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (NCRTC) ने गुरुग्राम, फरीदाबाद, नोएडा और ग्रेटर नोएडा को जोड़ने वाले 63 किलोमीटर लंबे नए नमो भारत कॉरिडोर का विस्तृत प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार कर लिया है। इस परियोजना की अनुमानित लागत 19,390 करोड़ रुपये है। प्रस्तावित कॉरिडोर में से 50 किलोमीटर हिस्सा हरियाणा और 13 किलोमीटर हिस्सा उत्तर प्रदेश में होगा। इस प्रोजेक्ट से दिल्ली-एनसीआर में सार्वजनिक परिवहन और मेट्रो कनेक्टिविटी को बड़ा बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
बनेंगे सात RRTS स्टेशन
इस कॉरिडोर पर कुल सात RRTS स्टेशन प्रस्तावित हैं। गुरुग्राम का IFFCO चौक मुख्य स्टेशन होगा। इसके अलावा सेक्टर-61, ग्वाल पहाड़ी, सैनिक कॉलोनी, बाटा चौक, सेक्टर-87/88 चौक, सेक्टर-142 और सूरजपुर में स्टेशन बनाए जाने की योजना है।
मेट्रो नेटवर्क का भी होगा विस्तार
इस परियोजना के तहत कई नए मेट्रो स्टेशन भी प्रस्तावित हैं। गुरुग्राम में सेक्टर-29, मिलेनियम सिटी सेंटर, सेक्टर-52/52ए, वजीराबाद और सेक्टर-57 में मेट्रो स्टेशन बनाए जाएंगे। वहीं, फरीदाबाद में एनआईटी-3,एनआईटी-1,सेक्टर-12/13/14/15 चौराहा,सेक्टर-80,सेक्टर-81/82 चौराहा,सेक्टर-85/86 चौराहा और बादशाहपुर में नए स्टेशन प्रस्तावित हैं। नोएडा और ग्रेटर नोएडा में सेक्टर-135, सेक्टर-141 और सुथियाना में मेट्रो स्टेशन बनाए जाएंगे।
ये भी पढ़ें- हरियाणा सरकार का बड़ा कदम, अंबाला कैंसर अस्पताल में लगेगी डिजिटल PET स्कैन मशीन
ऐसे जुटाया जाएगा फंड
NCRTC इस परियोजना के लिए 10,102 करोड़ रुपये का सॉफ्ट लोन लेने की योजना बना रहा है। बाकी राशि में हरियाणा सरकार 4,555 करोड़ रुपये, उत्तर प्रदेश सरकार 1,364 करोड़ रुपये और केंद्र सरकार 3,367 करोड़ रुपये का योगदान देगी।
DPR की समीक्षा जारी
इस DPR पर हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी (Anurag Rastogi) की अध्यक्षता में हुई बोर्ड बैठक में चर्चा की गई। फिलहाल रिपोर्ट की समीक्षा की जा रही है। इसके बाद Gurugram Metropolitan Development Authority, Haryana Shahari Vikas Pradhikaran और गुरुग्राम व फरीदाबाद नगर निगम समेत अन्य एजेंसियों से सुझाव लिए जाएंगे। इसके बाद परियोजना को अगले चरण में आगे बढ़ाया जाएगा।





