Govt Fees Waived for Key Citizen Services During SIR: पंजाब सरकार ने आम लोगों को बड़ी राहत देते हुए कई महत्वपूर्ण नागरिक सेवाओं पर लगने वाले सरकारी शुल्क और सुविधा शुल्क को तीन महीने के लिए माफ करने का फैसला किया है। यह निर्णय मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में लिया गया। सरकार के इस फैसले का उद्देश्य चुनाव आयोग द्वारा चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) अभियान के दौरान नागरिकों को जरूरी दस्तावेज बिना किसी आर्थिक बोझ के उपलब्ध कराना है।
1 जुलाई से 30 सितंबर तक मिलेगी छूट
मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, 1 जुलाई से 30 सितंबर 2026 तक कई अहम सेवाओं के लिए सरकारी फीस और सुविधा शुल्क नहीं लिया जाएगा। इस छूट का लाभ सेवा केंद्रों, डोरस्टेप डिलीवरी और ऑनलाइन सिटीजन सर्विस पोर्टल के जरिए मिलने वाली सेवाओं पर मिलेगा।
इन दस्तावेजों पर नहीं लगेगी फीस
सरकार ने जिन सेवाओं पर शुल्क माफ किया है, उनमें शामिल हैं-
- जाति प्रमाण पत्र (Caste Certificate)
- निवास प्रमाण पत्र (Address proof)
- जन्म प्रमाण पत्र (birth certificate)
- कक्षा 10वीं और 12वीं के डुप्लीकेट प्रमाण पत्र (Duplicate Certificates for Classes 10 and 12)
- अन्य अधिसूचित नागरिक सेवाएं (Other Notified Citizen Services)
सरकार उठाएगी पूरा खर्च
कैबिनेट ने संबंधित विभागों को इस फैसले को लागू करने के लिए आवश्यक अधिसूचनाएं और दिशा-निर्देश जारी करने का अधिकार दिया है। साथ ही, Department of Good Governance and Information Technology और अन्य संबंधित विभागों को इसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। इन तीन महीनों के दौरान शुल्क माफी से होने वाला पूरा खर्च पंजाब सरकार खुद वहन करेगी।
ये भी पढ़ें- पंजाब में सरकारी नौकरियों की सौगात, 619 महिला स्वास्थ्य कर्मियों समेत 716 पदों पर भर्ती को मंजूरी
लोगों को आर्थिक राहत मिलेगी
पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि चुनाव आयोग की विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया के कारण बड़ी संख्या में लोगों को निवास, जाति, जन्म और शैक्षणिक प्रमाण पत्रों की आवश्यकता पड़ रही है। उन्होंने कहा, “भगवंत मान सरकार ने फैसला किया है कि 1 जुलाई से 30 सितंबर 2026 तक इन सेवाओं के लिए सरकारी फीस और सुविधा शुल्क माफ रहेगा, ताकि किसी भी नागरिक पर जरूरी दस्तावेज बनवाने का आर्थिक बोझ न पड़े।” सरकार का मानना है कि इस फैसले से लाखों लोगों को राहत मिलेगी और वे बिना किसी अतिरिक्त खर्च के अपने जरूरी दस्तावेज आसानी से प्राप्त कर सकेंगे।






