Initiation and Service Honour Ceremony of Saint Piyush Muni Maharaj: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि समाज को नशा मुक्त और शिक्षित बनाने के लिए सभी को सामूहिक संकल्प लेना होगा। उन्होंने कहा कि जब समाज सेवा, संस्कार और शिक्षा को प्राथमिकता देगा, तभी वास्तविक राष्ट्र निर्माण संभव हो सकेगा। मुख्यमंत्री रविवार को जालंधर में संत पियूष मुनि महाराज के ‘दीक्षांत एवं सेवा सम्मान समारोह’ को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान जैन सभा ने उन्हें शॉल, पगड़ी और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
संतों के बताए मार्ग पर चलने की अपील
नायब सिंह सैनी ने कहा कि संतों ने हमेशा सत्य, अहिंसा, अनुशासन, सेवा और समर्पण का संदेश दिया है। समाज को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि सामाजिक संगठन नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने, बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने, गरीब परिवारों की मदद करने और पारिवारिक मूल्यों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
पंजाब-हरियाणा का रिश्ता दिलों का रिश्ता
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब की धरती गुरुओं की शिक्षाओं, शहीदों के बलिदान, किसानों की मेहनत और भाईचारे की खुशबू से महकती है। उन्होंने कहा कि पंजाब और हरियाणा का रिश्ता केवल भौगोलिक सीमाओं का नहीं, बल्कि दिलों और भावनाओं का रिश्ता है।
पंजाब सरकार पर साधा निशाना
सार्वजनिक सभा को संबोधित करते हुए नायब सिंह सैनी ने आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पंजाब पर 4 लाख करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज है और राज्य में प्रति व्यक्ति कर्ज 1.25 लाख रुपये से ज्यादा हो चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी ने नशा खत्म करने का वादा किया था, लेकिन आज पंजाब नशाखोरी और गैंगस्टर संस्कृति जैसी समस्याओं से जूझ रहा है।
ये भी पढ़ें- हरियाणा में पर्यटन को मिलेगा बड़ा बूस्ट, 90 करोड़ रुपये से बदलेगी पिंजौर गार्डन और टिक्कर ताल की तस्वीर
रोजगार और खेल नीति का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार ने युवाओं के लिए रोजगार, कौशल विकास (Skill Development) और खेल नीति के माध्यम से सकारात्मक अवसर उपलब्ध कराए हैं। उन्होंने दावा किया कि अप्रैल-जून 2025-26 तिमाही में पंजाब की बेरोजगारी दर 8.8 प्रतिशत रही, जबकि हरियाणा युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध करा रहा है।
जालंधर के उद्योगों की सराहना
नायब सिंह सैनी ने कहा कि जालंधर खेल सामग्री, हस्तशिल्प, चमड़ा उद्योग और एमएसएमई (MSME) का राष्ट्रीय केंद्र है। यहां बनने वाले खेल उपकरण दुनिया भर में भारत का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर भारत अभियान और मुद्रा योजना के जरिए स्थानीय उद्योगों को नई मजबूती मिली है।
इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं (Infrastructure projects) का भी किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन का आधुनिकीकरण पूरा हो चुका है, जबकि जालंधर सिटी रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास तेजी से चल रहा है। इसके अलावा दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे जैसी परियोजनाओं से जालंधर की देश के प्रमुख आर्थिक केंद्रों से कनेक्टिविटी और मजबूत हुई है।






