PM Modi to Open Mahendragarh Medical College: 17 जुलाई को हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले को स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ी सौगात मिलने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महेंद्रगढ़ के नारनौल के पास कोरियावास स्थित नवनिर्मित महर्षि च्यवन मेडिकल कॉलेज (Maharshi Chyavan Medical College) और 850 बेड वाले राव तुलाराम अस्पताल (Rao Tula Ram Hospital) का औपचारिक उद्घाटन करेंगे। करीब 1,300 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह मेडिकल कॉलेज परिसर 76 एकड़ में अरावली की पहाड़ियों के बीच विकसित किया गया है।
प्रधानमंत्री जींद में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह से वर्चुअली करेंगे उद्घाटन
सरकारी कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री जींद में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह से वर्चुअली इस परियोजना का उद्घाटन करेंगे। वहीं, कोरियावास स्थित मेडिकल कॉलेज परिसर में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि मेडिकल कॉलेज भवन और अस्पताल तैयार होने के बावजूद विशेषज्ञ डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ और अन्य जरूरी सुविधाओं की कमी के कारण अभी ओपीडी में मरीजों की संख्या काफी कम है। लोगों को उम्मीद है कि उद्घाटन के बाद सरकार डॉक्टरों की नियुक्ति और अन्य संसाधनों की उपलब्धता भी सुनिश्चित करेगी।
ये भी पढ़ें- दिल्ली में 650 करोड़ रुपये हेल्थ स्कैम को लेकर AAP का हल्ला बोल, CM रेखा गुप्ता से मांगा इस्तीफा
मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए तैयारियों की समीक्षा की। इसके बाद उपायुक्त अनुपमा अंजली और पुलिस अधीक्षक दीपक गहलावत ने मेडिकल कॉलेज परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मेडिकल कॉलेज के निदेशक डॉ. बिजेंद्र सिंह ढिल्लों ने अधिकारियों को संस्थान में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी दी।
महेंद्रगढ़ को मिलेंगे 12 नए स्वास्थ्य उपकेंद्र
इस बीच हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने महेंद्रगढ़ जिले के विभिन्न गांवों में 12 नए स्वास्थ्य उपकेंद्र (Health Sub-Centres) खोलने को मंजूरी दे दी है। इसके अलावा रामबास (धाना) स्थित स्वास्थ्य उपकेंद्र को अपग्रेड कर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) बनाया गया है। नए स्वास्थ्य उपकेंद्र छापड़ा सलीमपुर, कनीना, चिलारो, मुंडिया खेड़ा, भादफ, मोरुंड, नयन, राय मलिकपुर, मुसनौता, चांदपुरा, नांगल नूनिया और सेका गांव में स्थापित किए जाएंगे। इन केंद्रों के शुरू होने से गर्भवती महिलाओं की जांच, बच्चों के टीकाकरण और प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत किया जाएगा।





