Haryana CM distributes 20 crore Rupees to athletes: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार (7 जुलाई) को राज्य के 198 उत्कृष्ट खिलाड़ियों और कोचों को 20.59 करोड़ रुपये की नकद पुरस्कार राशि वितरित की। सेक्टर-1 स्थित पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस ऑडिटोरियम में आयोजित सम्मान समारोह में खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम भी मौजूद रहे।
प्रोत्साहन राशि (Prize Money) बढ़कर करीब 730 करोड़ रुपये हुई
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 12 सालों में हरियाणा सरकार ने 16,984 खिलाड़ियों को 709 करोड़ रुपये की नकद पुरस्कार राशि दी है। मंगलवार को वितरित की गई राशि के बाद खिलाड़ियों को दी गई कुल प्रोत्साहन राशि बढ़कर करीब 730 करोड़ रुपये हो गई है। इस दौरान 117 अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को 13.75 करोड़ रुपये, 2022 पैरा एशियन गेम्स (Para Asian Games) के तीन खिलाड़ियों को 2.32 करोड़ रुपये और 78 राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को 4.52 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
अब तक 260 खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी प्राप्त हुई
मुख्यमंत्री ने बताया कि आउटस्टैंडिंग स्पोर्ट्सपर्सन्स भर्ती नियमों के तहत अब तक 260 खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है। साथ ही राज्य की खेल ग्रेडेशन नीति में संशोधन कर हरियाणा स्टेट गेम्स में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को भी इसका लाभ देने का फैसला किया गया है। उन्होंने कहा कि खेल रत्न, द्रोणाचार्य, अर्जुन, ध्यानचंद और तेनजिंग नोर्गे पुरस्कार विजेताओं का मासिक मानदेय बढ़ाकर 20,000 रुपये कर दिया गया है, जबकि भीम पुरस्कार विजेताओं को अब 5,000 रुपये प्रति माह मानदेय मिलेगा।
हरियाणा में 2,000 खेल नर्सरियां स्थापित की गई
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में 2,000 खेल नर्सरियां स्थापित की गई हैं। 8 से 19 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों को 1,500 से 2,000 रुपये तक मासिक छात्रवृत्ति दी जा रही है। वहीं, 25 आवासीय खेल अकादमियों में प्रशिक्षण लेने वाले खिलाड़ियों को 500 रुपये प्रतिदिन का डाइट भत्ता भी दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले 12 सालों में खेल अधोसंरचना के विकास पर 1,100 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इसी अवधि में खेल विभाग का बजट 163 करोड़ रुपये (2013-14) से बढ़कर 668.42 करोड़ रुपये हो गया है। इसके अलावा पंचकूला के ताऊ देवी लाल खेल परिसर में 10 करोड़ रुपये की लागत से उत्तर भारत का पहला ‘ए-स्टार’ वैज्ञानिक प्रशिक्षण एवं पुनर्वास केंद्र भी स्थापित किया गया है।
also read: 2 करोड़ की प्रॉपर्टी डील के बाद डबल मर्डर, गुरुग्राम-झज्जर रोड पर मिले दो शव
खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि हरियाणा सरकार ने ‘मिशन-2036’ (Mission-2036) शुरू किया है, जिसका लक्ष्य ओलंपिक में 36 पदक जीतना है। इसके लिए खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने और राज्य के स्टेडियमों में खेल अधोसंरचना मजबूत करने पर 300 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।






