शिक्षा, स्वास्थ्य और महिलाओं की योजनाओं का जिक्र, CM मान ने गिनाईं सरकार की बड़ी उपलब्धियां

SHARE:

Chief Minister Bhagwant Mann: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने होशियारपुर के मुकेरियां में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी सरकार की राजनीति सत्ता हासिल करने के लिए नहीं, बल्कि पंजाब को देश का नंबर-1 राज्य बनाने के लिए है। उन्होंने कहा कि यह लक्ष्य जनता के सहयोग से ही पूरा होगा और आम आदमी पार्टी सरकार अपने सभी चुनावी वादों को लगातार पूरा कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य, किसानों, महिलाओं और आम लोगों के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। मुफ्त बिजली, स्वास्थ्य योजनाओं और सामाजिक कल्याण की योजनाओं के जरिए लोगों के जीवन में बड़ा बदलाव लाया गया है।

कांग्रेस पर साधा निशाना

जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री मान ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेताओं के बीच मुख्यमंत्री बनने की होड़ मची हुई है और किसी नेता को जनता की कोई चिंता नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व चाहे जितनी यात्राएं निकाल ले, लेकिन पार्टी के नेता एकजुट नहीं हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस के नेता यात्रा तो साथ शुरू करेंगे, लेकिन वापस साथ नहीं लौटेंगे। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस यदि दोबारा सत्ता में आई तो सबसे पहले आम लोगों के लिए चल रही सभी जनकल्याणकारी योजनाओं को बंद कर देगी। मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे अवसरवादी नेताओं को सत्ता में आने का मौका न दें, क्योंकि ऐसे नेता केवल कुर्सी की राजनीति करते हैं, जनता की नहीं।

अकाली दल और बादल परिवार पर भी लगाए गंभीर आरोप

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने शिरोमणि अकाली दल और बादल परिवार पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अकाली दल झूठे वादों के सहारे सत्ता हासिल करना चाहता है, लेकिन पंजाब की जनता अब उनके बहकावे में नहीं आने वाली। उन्होंने आरोप लगाया कि लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद बादल सरकार ने पंजाब और यहां के लोगों के लिए कोई बड़ा काम नहीं किया। उन्होंने कहा कि अकाली नेताओं ने अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए धर्म का इस्तेमाल किया, राज्य में माफिया को बढ़ावा दिया और युवाओं को नशे की दलदल में धकेला। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि आज अकाली दल का जनाधार पूरी तरह खत्म हो चुका है और उनकी रैलियों में भीड़ जुटाने के लिए लोगों को पैसे देकर बुलाया जा रहा है।

श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी के दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई

मुख्यमंत्री ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी के मामलों का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी सरकार दोषियों को किसी भी कीमत पर नहीं छोड़ेगी। उन्होंने कहा कि इस तरह के मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी और उन्हें जेल भेजा जाएगा।

जनता के टैक्स का पैसा जनता के विकास पर खर्च

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार जनता से मिलने वाले टैक्स का उपयोग पूरी पारदर्शिता के साथ लोगों के विकास पर कर रही है। राज्य में नए स्कूल, अस्पताल और सड़कें बनाई जा रही हैं तथा बुनियादी ढांचे को लगातार मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पंजाब में 90 प्रतिशत घरों को मुफ्त बिजली का लाभ मिल रहा है। पिछले कुछ वर्षों में 68 हजार से अधिक युवाओं को बिना किसी भ्रष्टाचार के सरकारी नौकरियां दी गई हैं। इसके अलावा कई टोल प्लाजा बंद किए गए हैं, जिससे लोगों के लगभग 70 लाख रुपये प्रतिदिन की बचत हो रही है। मुख्यमंत्री ने सिंचाई व्यवस्था में सुधार का भी जिक्र करते हुए कहा कि सरकार बनने के समय केवल 22 प्रतिशत नहरी पानी का उपयोग सिंचाई में हो रहा था, जो अब बढ़कर 88 प्रतिशत से अधिक हो गया है। नहरों और जल स्रोतों पर रिचार्ज प्वाइंट बनाए जाने से भूजल स्तर में भी दो से चार मीटर तक सुधार आया है।

ये भी पढ़ें- गुरुग्राम में हिट एंड रन: तेज रफ्तार डंपर ने ली डिलीवरी एग्जीक्यूटिव की जान

शिक्षा में पंजाब ने बनाया नया रिकॉर्ड

मुख्यमंत्री मान ने कहा कि गरीबी से बाहर निकलने का सबसे प्रभावी माध्यम शिक्षा है। उन्होंने दावा किया कि पंजाब ने प्राथमिक और मिडिल स्कूल शिक्षा के क्षेत्र में केरल, महाराष्ट्र और दिल्ली जैसे राज्यों को पीछे छोड़ते हुए देश में पहला स्थान हासिल किया है। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में स्मार्ट क्लासरूम, आधुनिक सुविधाएं और शिक्षकों को बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराया गया है। नीति आयोग के हालिया आंकड़े भी पंजाब की इस उपलब्धि की पुष्टि करते हैं।

स्वास्थ्य योजनाओं से लाखों परिवारों को राहत

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार की मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत पंजाब के 65 लाख परिवारों को हेल्थ कार्ड दिए जा रहे हैं। इस योजना के तहत प्रत्येक परिवार को सालाना 10 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब तक 30 लाख से अधिक लोग हेल्थ कार्ड प्राप्त कर चुके हैं और इस योजना के तहत करीब 650 करोड़ रुपये का मुफ्त इलाज कराया जा चुका है।

किसानों और महिलाओं के लिए भी कई बड़ी योजनाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार धान सीजन के दौरान किसानों को पहली बार आठ घंटे से अधिक निर्बाध बिजली उपलब्ध कराई गई। किसानों को दिन के समय सिंचाई के लिए बिजली मिलने से खेती करना आसान हुआ है।

उन्होंने बताया कि सरकार की ‘मां-बेटी सम्मान योजना’ के तहत 18 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये और अनुसूचित जाति की महिलाओं को 1,500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। एक जुलाई से इस योजना का लाभ मिलना शुरू हो चुका है और 32 लाख से अधिक महिलाएं इससे लाभान्वित हो रही हैं। जुलाई में पंजीकरण नहीं करा पाने वाली महिलाओं को अगस्त में तीन महीने की राशि एक साथ दी जाएगी।

‘जनता का भरोसा हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी’

अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि उनकी सरकार जनता से किए गए हर वादे को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मुफ्त बिजली, बेहतर शिक्षा, आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं, किसानों के लिए सुविधाएं और महिलाओं को आर्थिक सहायता जैसी योजनाएं राज्य के हर वर्ग तक पहुंच रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आम आदमी पार्टी की राजनीति केवल सत्ता पाने के लिए नहीं, बल्कि पंजाब के विकास और लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए है। उन्होंने जनता से पंजाब को देश का नंबर-1 राज्य बनाने के अभियान में सहयोग देने की अपील की।

Join us on:

Leave a Comment