Sankalp Se Siddhi: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को ‘संकल्प से सिद्धि’ की यात्रा का सशक्त उदाहरण बताया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प को आधुनिक तकनीक, ग्रीन एनर्जी और आत्मनिर्भर भारत के विजन के जरिए तेजी से साकार किया जा रहा है।
17 जुलाई को प्रधानमंत्री मोदी देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जिंद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। यह ट्रेन केवल एक नई रेल सेवा नहीं, बल्कि भारत की नई सोच, अत्याधुनिक तकनीक और स्वदेशी क्षमता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना साबित करती है कि मजबूत संकल्प से सफलता निश्चित होती है। सीएम सैनी के अनुसार, हाइड्रोजन ट्रेन परियोजना पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा आत्मनिर्भरता और आर्थिक समृद्धि की दिशा में बड़ा कदम है। यह ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा देने के साथ-साथ देश को स्वच्छ और आधुनिक परिवहन व्यवस्था की ओर ले जाएगी।
ये भी पढ़ें- हरियाणा बना मेडिकल एजुकेशन का हब! 2,960 MBBS सीटों के साथ उत्तर भारत में नंबर-1
जिंद से परियोजना की शुरुआत हरियाणा के लिए गर्व की बात
उन्होंने कहा कि भारत तेजी से आधुनिक, स्वच्छ और आत्मनिर्भर परिवहन प्रणाली की ओर बढ़ रहा है और हाइड्रोजन ट्रेन इस बदलाव की नई पहचान बनेगी। जिंद से इस परियोजना की शुरुआत हरियाणा के लिए गर्व की बात है और इससे राज्य को उन्नत रेलवे तकनीक के क्षेत्र में नई पहचान मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना से जिंद और आसपास के क्षेत्रों में विकास को गति मिलेगी। औद्योगिक गतिविधियां बढ़ेंगी, रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। इससे विकसित हरियाणा और विकसित भारत के लक्ष्य को भी बल मिलेगा।
‘संकल्प से सिद्धि’ की यह यात्रा विकसित भारत की पहचान बनेगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार प्रधानमंत्री मोदी के विकसित भारत के विजन को साकार करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। हाइड्रोजन ट्रेन इस बात का प्रमाण है कि भारत अब केवल नई तकनीकों का उपभोक्ता नहीं, बल्कि उनके विकास और नेतृत्व करने वाला देश बन रहा है। सैनी ने विश्वास जताया कि ‘संकल्प से सिद्धि’ की यह यात्रा विकसित भारत की पहचान बनेगी, जहां नवाचार, ग्रीन एनर्जी, आत्मनिर्भरता और स्वदेशी तकनीक देश की प्रगति का मजबूत आधार बनेंगी।





