Haryana Congress MLA’s son joins BJP: हरियाणा की राजनीति में कांग्रेस को एक और बड़ा झटका लग सकता है। नूंह जिले की पुन्हाना विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक मोहम्मद इलियास के बेटे जावेद खान शनिवार को बीजेपी में शामिल होंगे। जावेद खान ने मीडिया से हुई बातचीत में इसकी पुष्टि की है। माना जा रहा है कि वह मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की पुन्हाना में होने वाली जनसभा के दौरान बीजेपी की सदस्यता ग्रहण करेंगे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शुक्रवार और शनिवार को गुरुग्राम और नूंह के दो दिवसीय दौरे पर हैं। शनिवार को वे पहले गुरुग्राम में जन शिकायत समिति की बैठक करेंगे और उसके बाद पुन्हाना पहुंचकर कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इसी कार्यक्रम में जावेद खान के बीजेपी में शामिल होने की संभावना है।
खुद कर रहे हैं लोगों को आमंत्रित
जावेद खान ने कहा कि उन्हें बीजेपी में शामिल होने को लेकर कोई संदेह नहीं है। उन्होंने बताया कि वह स्वयं मुख्यमंत्री की जनसभा के लिए लोगों को आमंत्रित कर रहे हैं। वहीं, उनके पिता और कांग्रेस विधायक मोहम्मद इलियास के भी स्वास्थ्य ठीक रहने पर कार्यक्रम में पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
क्रॉस वोटिंग के बाद बढ़ी थी बीजेपी से नजदीकी
राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग के बाद से मोहम्मद इलियास लगातार बीजेपी नेताओं के संपर्क में रहे हैं। चुनाव के दौरान वह व्हीलचेयर पर मतदान करने पहुंचे थे, लेकिन कुछ दिनों बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात करते हुए उनकी तस्वीरें सामने आई थीं। इसके बाद कांग्रेस ने उन्हें पार्टी से निलंबित कर दिया था। निलंबन के बाद इलियास ने कहा था, “जब तैयार खाना मिल रहा है तो इस्तीफा क्यों दूं?”
ये भी पढ़ें- NEET पेपर लीक पर विपक्ष पर बरसे नायब सैनी, बोले- छात्रों को गुमराह करने की हो रही कोशिश
जजपा से भी रह चुके हैं जुड़े
जावेद खान पेशे से अधिवक्ता हैं। पहले वह कांग्रेस से जुड़े रहे, लेकिन वर्ष 2022 में बीजेपी-जजपा गठबंधन सरकार के दौरान जजपा में शामिल हो गए और उन्हें नूंह जिला अध्यक्ष बनाया गया। वर्ष 2024 में कांग्रेस की एक रैली में शामिल होने के बाद जजपा ने उन्हें पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में निष्कासित कर दिया। इसके बाद वह फिर कांग्रेस के करीब आए और अब बीजेपी में शामिल होने जा रहे हैं।
नूंह में पैठ मजबूत करने की तैयारी
नूंह जिले की तीनों विधानसभा सीटों पुन्हाना, फिरोजपुर झिरका और नूंह पर कांग्रेस के विधायक हैं। ऐसे में बीजेपी लंबे समय से इस क्षेत्र में अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है। पार्टी विकास कार्यों के जरिए मेवात क्षेत्र में अपनी पैठ बढ़ाने की कोशिश कर रही है।
पांच कांग्रेस विधायक हुए थे निलंबित
राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग के आरोप में कांग्रेस ने पांच विधायकों शैलि चौधरी, रेनू बाला, मोहम्मद इलियास, मोहम्मद इजराइल और जरनैल सिंह को निलंबित कर दिया था। इसके बाद से ये विधायक लगातार बीजेपी सरकार के कार्यक्रमों में नजर आ रहे हैं। रेनू बाला के पति ऋषिपाल पहले ही बीजेपी में शामिल हो चुके हैं। अब जावेद खान के बीजेपी में शामिल होने से हरियाणा की राजनीति में नए समीकरण बनने की चर्चा तेज हो गई है।





