कारगिल के वीरों को पंजाब का सलाम, CM भगवंत मान ने शहीदों को किया नमन

SHARE:

 

CM Bhagwant Singh Mann Pays Tributes to Kargil War Heroes: कारगिल विजय दिवस के अवसर पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने रविवार को देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि शहीदों का अद्वितीय साहस, वीरता और निस्वार्थ सेवा आने वाली पीढ़ियों को हमेशा राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करती रहेगी।

मुख्यमंत्री ने वॉर मेमोरियल पहुंचकर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की और श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान उन्होंने शहीद सैनिकों के परिजनों और पूर्व सैनिकों से मुलाकात की। साथ ही दिव्यांग पूर्व सैनिकों को पांच दोपहिया वाहन वितरित किए और NCC कैडेट्स, महाराजा रणजीत सिंह आर्म्ड फोर्सेज प्रिपरेटरी इंस्टीट्यूट तथा माई भागो आर्म्ड फोर्सेज प्रिपरेटरी इंस्टीट्यूट, मोहाली के कैडेट्स को सेना में शामिल होकर देश सेवा करने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री ने शहीद सैनिकों के परिवारों और पूर्व सैनिकों के कल्याण के प्रति पंजाब सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि सरकार उनके सम्मान और हितों की रक्षा के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है।

‘527 वीर सैनिकों का बलिदान देश कभी नहीं भूलेगा’

भगवंत मान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी कारगिल विजय दिवस के अवसर पर श्रद्धांजलि देते हुए लिखा कि 27वें कारगिल विजय दिवस पर वे देश की एकता, अखंडता और सम्मान की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले 527 वीर सैनिकों को नमन करते हैं। उन्होंने कहा कि इनमें पंजाब के 65 से अधिक वीर सपूत भी शामिल थे, जिनके बलिदान पर हर पंजाबी को गर्व है। उन्होंने कहा कि शहीद केवल अपने परिवार के नहीं, बल्कि पूरे देश की अमूल्य धरोहर हैं। आज देश जिस स्वतंत्रता और सुरक्षा का आनंद ले रहा है, वह इन वीर जवानों के सर्वोच्च बलिदान का परिणाम है।

‘कारगिल विजय दिवस साहस और शौर्य का प्रतीक’

मुख्यमंत्री ने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारतीय सशस्त्र बलों के अदम्य साहस, वीरता और बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि 1999 के कारगिल युद्ध में पूरे देश ने एकजुट होकर देशभक्ति की मिसाल पेश की थी और भारतीय सैनिकों ने कठिन परिस्थितियों में भी दुश्मन को मुंहतोड़ जवाब दिया।

ये भी पढ़ें- पंजाब को मिली नई सौगात, CM भगवंत मान ने मोगा में 120 बेड के आधुनिक अस्पताल का किया उद्घाटन

शहीद परिवारों को 1 करोड़ रुपये  की सहायता

भगवंत मान ने कहा कि पंजाब सरकार ड्यूटी के दौरान शहीद होने वाले प्रत्येक सैनिक के परिवार को 1 करोड़  रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करती है। उन्होंने इसे देश की रक्षा करने वाले वीर जवानों के प्रति सरकार का सम्मान बताया।

युवाओं से सेना में शामिल होने की अपील

मुख्यमंत्री ने NCC और सैन्य प्रशिक्षण संस्थानों के कैडेट्स से कहा कि सशस्त्र बलों में सेवा करना सबसे सम्मानजनक जिम्मेदारियों में से एक है। उन्होंने युवाओं से सेना में शामिल होकर देश सेवा करने का आह्वान किया और भरोसा दिलाया कि पंजाब सरकार उनके सपनों को पूरा करने में हरसंभव सहयोग करेगी। इस अवसर पर रक्षा सेवा कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत समेत सशस्त्र बलों के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

Join us on:

Leave a Comment

Market Mystique
और पढ़ें