CM Saini attacks Punjab government over recruitment issues: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को पंजाब के फगवाड़ा में आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार पर भर्ती परीक्षाओं और पेपर लीक के मुद्दे को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार युवाओं से किए गए वादों को पूरा करने में विफल रही है और भर्ती परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे विवादों से युवाओं का भरोसा टूट रहा है।
फगवाड़ा के महाराजा पैलेस में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने हाल ही में सामने आए फार्मेसी पेपर लीक मामले का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने वादा किया था कि यदि पंजाब में पेपर लीक होगा तो संबंधित मंत्री इस्तीफा देंगे, लेकिन कई दिन बीत जाने के बाद भी न तो किसी ने जिम्मेदारी ली और न ही कोई सख्त कार्रवाई हुई।
भर्ती परीक्षा की पारदर्शिता पर उठाए सवाल
मुख्यमंत्री ने हाल ही में हुई आबकारी विभाग की भर्ती परीक्षा पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि चयनित उम्मीदवारों की सूची में “State Bank of India”, “GRPS” और “Photo” जैसे नाम दर्ज थे। उन्होंने यह भी दावा किया कि एक अभ्यर्थी को एक ही समय में दो अलग-अलग परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा देते हुए दिखाया गया, जो भर्ती प्रक्रिया में गंभीर गड़बड़ी का संकेत है।
हरियाणा सरकार की योजनाओं का किया जिक्र
नायब सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार युवाओं, किसानों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि राज्य में युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इसके अलावा वार्षिक 1.80 लाख रुपये तक आय वाले परिवारों को 500 रुपये में एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है।
ये भी पढ़ें- आजादी के बाद पहली बार नूंह तक पहुंचेगी रेल, CM सैनी ने किया बड़ा ऐलान
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले डेढ़ वर्ष में महिलाओं के खातों में 1,650 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे ट्रांसफर की गई है। साथ ही किसानों की फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर की जा रही है और सरकारी नौकरियां “बिना पर्ची और बिना खर्ची” के सिद्धांत पर दी जा रही हैं।
कारगिल वीरों को दी श्रद्धांजलि
कारगिल विजय दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की और युवाओं से शहीद भगत सिंह के आदर्शों पर चलकर राष्ट्र निर्माण और समाज सेवा में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पंजाब गुरुओं और संतों की पावन भूमि है और यहां के लोग सेवा भावना तथा मेहनत के लिए पूरे देश में जाने जाते हैं।
रक्तदान शिविर में हुए शामिल
मुख्यमंत्री नायब सैनी नव्या हेल्पिंग हैंड्स फाउंडेशन द्वारा आयोजित मेगा रक्तदान शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने फाउंडेशन की ओर से जनसेवा के लिए समर्पित वेंटिलेटर से लैस एंबुलेंस को जनता को समर्पित किया और समाज सेवा के क्षेत्र में सैंपला परिवार के योगदान की सराहना की। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने विश्वकर्मा मंदिर और गुरुद्वारा सुखचैन साहिब में मत्था टेककर प्रदेश की खुशहाली की कामना की। कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय सैंपला, राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल, फाउंडेशन के पदाधिकारी, भाजपा नेता, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।





