Haryana: Mulana, who served as Congress president for the longest period, passes away: हरियाणा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व कैबिनेट मंत्री चौधरी फूल चंद मुलाना का शुक्रवार सुबह निधन हो गया। वे 85 वर्ष के थे और किडनी की बीमारी से जूझ रहे थे। अंतिम संस्कार के लिए उनका पार्थिव शरीर आज अंबाला लाया जाएगा। उनका इलाज मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में चल रहा था। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद वे पंचकूला स्थित अपने घर पर रह रहे थे। शुक्रवार सुबह अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें वापस अस्पताल ले जाया गया, जहां सुबह करीब 9:00 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।
साढ़े 6 साल तक प्रदेश अध्यक्ष रहे; बेटे सांसद और बहू विधायक
फूल चंद मुलाना सबसे लंबे समय तक हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रहे। उन्होंने लगभग साढ़े छह साल तक पार्टी का नेतृत्व किया। वे मुलाना विधानसभा क्षेत्र से चार बार विधायक चुने गए। उनके बेटे वरुण चौधरी अंबाला से कांग्रेस सांसद हैं, जबकि उनकी बहू पूजा चौधरी मुलाना से विधायक हैं। वरुण चौधरी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपने पिता के निधन की जानकारी दी।
वकालत से राजनीति में आए; 1972 में पहली बार विधायक बने
6 अप्रैल 1941 को जन्मे फूल चंद मुलाना ने आर्ट्स में ग्रेजुएशन और लॉ (LLB) की डिग्री पूरी करने के बाद वकालत से अपने करियर की शुरुआत की। बाद में वे राजनीति में आ गए और 1972 में कांग्रेस के टिकट पर मुलाना विधानसभा सीट से चुनाव जीतकर पहली बार विधायक बने।
2005 में भूपेंद्र सिंह हुड्डा सरकार में कैबिनेट मंत्री बने
1977 का विधानसभा चुनाव हारने के बाद, उन्होंने कांग्रेस से अलग होकर 1982 का चुनाव निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में लड़ा और जीत हासिल की। हालांकि 1987 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा, लेकिन 1991 में उन्होंने कांग्रेस के टिकट पर वापसी की और तीसरी बार विधायक बने। 1996 और 2000 के चुनावों में हार के बाद, उन्होंने 2005 में चौथी बार मुलाना सीट जीती और भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में काम किया।





