नूंह में सीवरेज की सफाई के लिए उतरते ही 2 मजदूरों की मौत, 1 की हालत गंभीर

SHARE:

हरियाणा के नूंह  जिले में मंगलवार को फिरोजपुर झिरका शहर में सीवरेज सफाई का काम चल रहा था। सफाई के लिए 3 कर्मचारी उतरे थे। लेकिन कुछ ही देर में सीवरेज के भीतर जहरीली गैस के कारण मजदूरों का दम घुटने लगा। हालत बिगड़ती देख मजदूरों को बाहर निकालने की कोशिश की गई लेकिन तब तक 2 मजदूरों की हालत इतनी बिगड़ गई कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि तीसरे कर्मचारी की हालत गंभीर बताई जा रही है अस्पताल में उसका इलाज जारी है।

बिना सुरक्षा उपकरण ही सीवरेज में उतार दिए मजदूर

ये हादसा बीती रात 10 बजे का बताया जा रहा है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में गुस्सा फूट पड़ा है। उनका आरोप है कि बिना किसी सुरक्षा उपकरण के ही कर्मियों को सीवरेज में उतार दिया गया था। कर्मचारियों को ना तो गैस मास्क दिया गया और ना ही कोई सुरक्षा किट दिया गया। जहरीली गैस का सीधा असर उनके शरीर में हुआ इसी वजह से ये हादसा हुआ। लोगों ने जन स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए इसे बहुत बड़ी लापरवाही बताया है।

ठेकेदार मौके से हुआ फरार 

सीवरेज की सफाई का काम एक ठेकेदार को दिया हुआ था। हादसे के बाद वो मौके से फरार हो गया। इस हरकत से स्थानीय लोगों का गुस्सा और अधिक फूट पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि काम सही तरीके से और नियमों के तहत कराया जाता, तो शायद ये हादसा टल सकता था। अब लोग दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतकों में एक मजदूर पलवल जिले का रहने वाला है।

ये भी पढ़ें- हरियाणा में वेतन बढ़ते ही मचा बवाल, इस मांग पर अड़े मजदूर

फिरोजपुर झिरका डीएसपी अजायब सिंह ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि 3 मजदूर सीवर की सफाई कर रहे थे, जिनमें से 2 की जान चली गई। वहीं एक मजदूर का इलाज अस्पातल में जारी है। आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जा रही है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हाइलाइट्स:

  • नूंह के फिरोजपुर झिरका में सीवरेज सफाई के दौरान बड़ा हादसा
  • जहरीली गैस के कारण 2 मजदूरों की मौके पर मौत, 1 की हालत गंभीर
  • बिना सुरक्षा उपकरण (गैस मास्क/किट) के सीवर में उतारे गए कर्मचारी
  • रात करीब 10 बजे हुआ हादसा, स्थानीय लोगों में भारी गुस्सा
  • जन स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
  • सीवरेज सफाई का ठेका लेने वाला ठेकेदार मौके से फरार
  • लोगों की मांग—दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई
  • पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की
  • DSP अजायब सिंह ने दी घटना की पुष्टि

 

vandana
Author: vandana

Join us on:

Leave a Comment