रेवाड़ी: हरियाणा के रेवाड़ी विकास नगर कंकरवाली निवासी स्कूल के संचालक आकाश गौड़ का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उनकी कार में बरामद हुआ। स्कूल संचालक का शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। आकाश गौड़ का शव सेक्टर-18 क्षेत्र में सड़क किनारे खड़ी कार के अंदर सीट पर बैठी अवस्था में मिला।
परिवार का कहना है कि आकाश गौड़ 18 मई को किसी जरूरी काम से घर से बाहर गए थे। लेकिन इसके बाद वो घर वापस नहीं लौटे। परिवार के द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक 19 मई को आखिरी बार आकाश ने अपनी पत्नी को फोन किया था। इसके बाद उनसे कोई संपर्क नहीं हुआ था जिसके बाद से ही परिजन काफी चिंतित थे।
मंगलवार को आकाश के बेटे ने स्कूल जाते वक्त अपने पापा की कार रास्ते में खड़ी हुई देखी। उस समय उसे कुछ असामान्य नहीं लगा। स्कूल से लौटने के बाद उसने परिवार के लोगों को कार के बारे में जानकारी दी। बेटे की ओर से सूचना मिलने के बाद परिजनों ने आकाश की तलाश शुरू की।






