महेंद्रगढ़: हरियाणा सरकार की ओर से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में आज एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। राज्य स्वास्थ्य विभाग ने महेंद्रगढ़ जिले के अटेली स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) के संचालन और सेवाओं के उन्नयन के लिए Medanta Foundation – Poor and Needy Patients Welfare Trust के साथ एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए।
मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के क्षेत्र में सुधार लाना
इस साझेदारी का उद्देश्य ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है, खासकर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य संकेतकों में सुधार लाना। MoU पर हस्ताक्षर के बाद स्वास्थ्य मंत्री आर्ति सिंह राव और Medanta Foundation के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक डॉ. नरेश त्रेहन ने समझौते के दस्तावेजों का आदान-प्रदान किया। इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य सचिव (स्वास्थ्य विभाग) सुमिता मिश्रा, निदेशक (मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च) यशेंद्र सिंह, प्रबंध निदेशक (Haryana Medical Services Corporation Limited) मनोज कुमार, महानिदेशक (स्वास्थ्य सेवाएं) डॉ. मनीष बंसल और निदेशक डॉ. ब्रह्मदीप सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें- नीति आयोग की बैठक में CM सैनी की केंद्र से अपील, हरियाणा बने देश का इंडस्ट्रियल और AI हब
स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक कदम
स्वास्थ्य मंत्री आर्ति सिंह राव ने इस MoU को राज्य के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि सरकार और Medanta Foundation की यह साझेदारी सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) मॉडल के तहत दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने की सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस पहल से अटेली क्षेत्र में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सूचकांकों में उल्लेखनीय सुधार होगा और लोगों को उनके घर के पास ही बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी।






