बटाला: पंजाब के बटाला में गुरुवार सुबह पुलिस और एक गैंगस्टर के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर सिविल अस्पताल बटाला में भर्ती कराया गया।
हथियार बरामदगी के लिए लेकर गई थी पुलिस
जानकारी के अनुसार, बटाला में एक कपड़ा कारोबारी के घर पर फायरिंग करने के मामले में गिरफ्तार आरोपी को थाना घुमाण की पुलिस हथियारों की बरामदगी के लिए गांव मनेस के पास एक ड्रेन पर लेकर गई थी।
ये भी पढ़ें- अल नीनो का असर! पंजाब-हरियाणा में मानसून की एंट्री में देरी
पहले से छिपाए हथियार से की फायरिंग
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने मौके पर पहले से छिपाकर रखे हथियार को निकाल लिया और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही काबू कर लिया।
आरोपी की पहचान बलदेव सिंह उर्फ करण के रूप में
पुलिस ने घायल आरोपी की पहचान बलदेव सिंह उर्फ करण, निवासी खजाला के रूप में की है। उसे इलाज के लिए सिविल अस्पताल बटाला में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है।
एसएसपी ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) बटाला मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम की सराहना करते हुए उनकी हौसला अफजाई भी की।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके अन्य साथियों व आपराधिक नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। मामले की आगे की जांच जारी है। पुलिस का मानना है कि इस कार्रवाई से कपड़ा कारोबारी के घर फायरिंग मामले में कई अहम खुलासे हो सकते हैं।






