Red Bull, Sting, and Energy Drinks Banned in Rajasthan: राजस्थान सरकार ने राज्य में Red Bull, Sting समेत आठ प्रमुख एनर्जी ड्रिंक ब्रांडों की बिक्री, भंडारण और प्रचार पर प्रतिबंध लगा दिया है। यह प्रतिबंध ऑफलाइन दुकानों के साथ-साथ ऑनलाइन बिक्री पर भी लागू होगा। सरकार के आदेश के बाद चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने राज्यभर में 25 से अधिक स्थानों पर छापेमारी कर पांच लाख से अधिक एनर्जी ड्रिंक की बोतलें और कैन जब्त किए हैं। सरकार ने साफ किया है कि प्रतिबंधित एनर्जी ड्रिंक्स की बिक्री या भंडारण करते पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
क्यों लगाया गया बैन?
राजस्थान के खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्तालय के अनुसार, कई एनर्जी ड्रिंक कंपनियां अपने उत्पादों पर “शरीर और दिमाग को ऊर्जा देने” जैसे दावे कर रही थीं। अधिकारियों का कहना है कि ऐसे दावे भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) के नियमों के तहत भ्रामक विज्ञापन की श्रेणी में आते हैं। इसी वजह से इन उत्पादों पर कार्रवाई की गई है।
क्या वास्तव में एनर्जी देती हैं ये ड्रिंक्स?
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, एनर्जी ड्रिंक्स में कैफीन, अधिक मात्रा में चीनी, टॉरिन और बी-विटामिन जैसे तत्व होते हैं। ये कुछ समय के लिए दिमाग को सक्रिय कर थकान कम महसूस कराते हैं, लेकिन लंबे समय तक इनका सेवन स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है।
ये भी पढ़ें- पंजाब में नशे के खिलाफ जंग तेज, भगवंत मान सरकार ने लागू किया ‘पिंडां दा हाल’ एक्शन प्लान
किन लोगों के लिए ज्यादा खतरनाक?
डॉक्टरों का कहना है कि इन ड्रिंक्स में मौजूद अधिक कैफीन और शुगर बच्चों, गर्भवती महिलाओं और स्तनपान कराने वाली माताओं के लिए विशेष रूप से हानिकारक हो सकती है। लगातार सेवन से हृदय गति बढ़ना, नींद में कमी, बेचैनी और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है।
किन-किन ब्रांडों पर लगा प्रतिबंध?
राजस्थान सरकार ने जिन आठ एनर्जी ड्रिंक ब्रांडों पर प्रतिबंध लगाया है, उनमें शामिल हैं:
- Red Bull
- Sting
- Hell Energy
- Campa Energy
- Monster Energy
- After Shack
- Tropicana Energy
- Adrenaline Rush
सरकार का कहना है कि उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा और भ्रामक दावों पर रोक लगाने के लिए यह कदम उठाया गया है।





