पंचकूला के 22 करोड़ रुपये के पार्क प्रोजेक्ट पर CM सैनी सख्त, गड़बड़ी के आरोपों की जांच के दिए आदेश

SHARE:

Multi Feature Park Project Panchkula: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला के सेक्टर-24 में बन रहे 22 करोड़ रुपये के मल्टी फीचर पार्क प्रोजेक्ट (Multi Feature Park Project) में कथित अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं। पंचकूला मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी (PMDA) की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में परियोजना पर हुए खर्च और लगातार हो रही देरी पर मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताई।

यह पार्क साल 2021 में घोषित किया गया था। शुरुआत में इसे जून 2024 तक पूरा करने का लक्ष्य था, लेकिन वित्तीय और अन्य कारणों से निर्माण कार्य में देरी हुई। बाद में इसकी समय-सीमा मार्च 2025 तय की गई, जिसे फिर आगे बढ़ाना पड़ा।

पार्क में मिलेंगी कई आधुनिक सुविधाएं

पार्क में 1,250 मीटर लंबा जॉगिंग ट्रैक, मेडिटेशन गार्डन, स्केटिंग रिंक, दिव्यांगजनों के लिए विशेष रैंप, ओपन एयर थिएटर, ओपन रेस्टोरेंट और लोगों की सुविधा के लिए फुटओवर ब्रिज बनाया जा रहा है।

मानसून से पहले सफाई और जलभराव रोकने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने मानसून को देखते हुए शहर में जलभराव की समस्या रोकने के लिए पार्कों में रिचार्ज वेल बनाने, सीवर लाइनों और नालों की तुरंत सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पार्कों की सिंचाई के लिए केवल ट्रीटेड पानी का ही इस्तेमाल किया जाए। इसके अलावा, बेहतर सफाई व्यवस्था के लिए HSVP से तीन सुपर सकर मशीनें नगर निगम को स्थानांतरित करने के निर्देश भी दिए गए।

पंचकूला को बनाया जाएगा ‘नंबर-1 शहर’

समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से पंचकूला को हरियाणा का सबसे बेहतर शहर बनाने के लिए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने को कहा। उन्होंने झुग्गी-मुक्त पंचकूला बनाने के लिए भूमि चिन्हित करने और पात्र परिवारों के लिए बहुमंजिला आवास योजना तैयार करने के भी निर्देश दिए।

ये भी पढ़ें- Red Bull और Sting समेत 8 एनर्जी ड्रिंक्स पर बैन, इस राज्य सरकार ने लिया बड़ा फैसला

शहर में होंगे कई नए विकास कार्य

मुख्यमंत्री ने शहर के प्रमुख चौराहों के सौंदर्यीकरण, फाउंटेन पार्क के विकास, दीवारों पर वॉल आर्ट लगाने और प्रमुख जंक्शनों के लिए व्यापक स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज योजना तैयार करने को कहा। उन्होंने यह भी बताया कि शहर में 5 नए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) स्थापित किए जाएंगे, जिनमें से तीन के टेंडर जारी हो चुके हैं। वहीं जलधारा योजना-2 के तहत 11 किलोमीटर लंबे शहरी नालों का सौंदर्यीकरण किया जाएगा।

सुरक्षा व्यवस्था भी होगी मजबूत

मुख्यमंत्री ने पूरे शहर में ANPR आधारित CCTV कैमरे लगाने और शूटिंग रेंज को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप अपग्रेड करने के निर्देश दिए। अधिकारियों के अनुसार, पंचकूला में फिलहाल 575 करोड़ रुपये की लागत से 22 विकास परियोजनाओं पर काम चल रहा है। इनमें 60 में से 34 सड़कें पूरी हो चुकी हैं, जबकि कैक्टस गार्डन और हर्बल पार्क के नवीनीकरण का काम भी पूरा हो गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले महीने होने वाली PMDA की बैठक में सभी परियोजनाओं की प्रगति की फिर समीक्षा की जाएगी।

 

Join us on:

Leave a Comment