7 साल की बच्ची से दरिंदगी, निर्माणाधीन इमारत के बेसमेंट में मिला शव, आवारा कुत्ते की मदद से हुई तलाश

SHARE:

Ghaziabad Gangrape with 7 years old girl: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन इलाके में सात वर्षीय बच्ची के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म और हत्या का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। बच्ची का शव शुक्रवार देर रात करीब चार घंटे की तलाश के बाद एक निर्माणाधीन इमारत के बेसमेंट से बरामद किया गया। परिजनों का कहना है कि शव तक पहुंचने में एक आवारा कुत्ते ने अहम भूमिका निभाई।

परिजनों के अनुसार, बच्ची के लापता होने के बाद उन्होंने आसपास के इलाकों और निर्माणाधीन इमारतों में उसकी तलाश शुरू की। स्थानीय लोग भी खोजबीन में शामिल हो गए। देर रात करीब 12:30 बजे एक निर्माणाधीन इमारत के बेसमेंट में बच्ची का खून से सना शव मिला। बच्ची की मां ने बताया कि वह जल्द ही अपनी बेटी का स्कूल में दाखिला कराने वाली थीं, लेकिन इस दर्दनाक घटना ने परिवार की खुशियां छीन लीं।

आवारा कुत्ते ने दिलाई शव तक पहुंच

परिजनों के मुताबिक, तलाश के दौरान कुछ लोग निर्माणाधीन इमारत में पहुंचे, जहां एक सुरक्षा गार्ड तैनात था। गार्ड ने बताया कि उसे इमारत से एक बार किसी के रोने की आवाज सुनाई दी थी, लेकिन अंधेरा होने के कारण वह कुछ समझ नहीं पाया। तलाशी के दौरान एक आवारा कुत्ता भी लोगों के साथ इमारत के अंदर चला गया। कुछ देर बाद वह बेसमेंट के पास जाकर रुक गया। लोगों ने जब वहां जाकर देखा तो बच्ची का शव वहीं पड़ा मिला।

स्थानीय महिला ने बताए संदिग्धों के बारे में

तलाशी के दौरान एक स्थानीय महिला ने दावा किया कि उसने उन संदिग्धों को बच्ची को बहला-फुसलाकर निर्माणाधीन इमारत की ओर ले जाते देखा था। इसके बाद स्थानीय लोगों ने संदिग्धों के ठिकाने की जानकारी जुटाई और पुलिस को सूचना दी।

also read: पंचकूला के 22 करोड़ रुपये के पार्क प्रोजेक्ट पर CM सैनी सख्त, गड़बड़ी के आरोपों की जांच के दिए आदेश

पुलिस ने शुरू की जांच

शव मिलने के बाद रात करीब एक बजे पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Join us on:

Leave a Comment