Punjab Assembly elections in 2027: पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने विकास को बड़ा चुनावी मुद्दा बनाने की रणनीति तैयार की है। पार्टी अब केंद्र और हरियाणा सरकार के विकास मॉडल को पंजाब के सामने पेश कर रही है। BJP नेताओं का कहना है कि अगर राज्य में भी पार्टी की सरकार बनती है तो पंजाब को हरियाणा की तर्ज पर तेज़ विकास, बेहतर बुनियादी ढांचा और बड़े उद्योगों का लाभ मिलेगा। पार्टी नेताओं के अनुसार, केंद्र और हरियाणा में BJP सरकार होने से कृषि, आधारभूत संरचना और विदेशी निवेश के क्षेत्र में तेजी से विकास हुआ है। अब इसी मॉडल को पंजाब में लागू करने की बात कही जा रही है।
नायब सैनी बने प्रचार का बड़ा चेहरा
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पंजाब में BJP के प्रमुख प्रचारकों में शामिल हो गए हैं। वह लगातार राज्य का दौरा कर रहे हैं और ‘हरियाणा ड्रीम’ को पंजाब के लोगों के सामने रख रहे हैं। पार्टी का दावा है कि हरियाणा का विकास मॉडल पंजाब में भी दोहराया जा सकता है।
गुरुग्राम-फरीदाबाद का दिया उदाहरण
हरियाणा के मंत्री और फरीदाबाद विधायक विपुल गोयल ने कहा कि पिछले एक दशक में गुरुग्राम और फरीदाबाद देश के बड़े कॉरपोरेट और औद्योगिक केंद्र बन चुके हैं। यहां कई बहुराष्ट्रीय कंपनियों और फॉर्च्यून 500 कंपनियों के कार्यालय हैं, जिससे बड़े पैमाने पर रोजगार और निवेश बढ़ा है। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम की साइबर सिटी, गोल्फ कोर्स रोड, मानेसर का औद्योगिक क्षेत्र और फरीदाबाद का ऑटोमोबाइल हब हरियाणा के विकास की पहचान बन चुके हैं।
also read: 7 साल की बच्ची से दरिंदगी, निर्माणाधीन इमारत के बेसमेंट में मिला शव, आवारा कुत्ते की मदद से हुई तलाश
एक्सप्रेसवे और एयरपोर्ट कनेक्टिविटी पर जोर
BJP नेताओं का कहना है कि दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे, कुंडली-मानेसर-पलवल (KMP) एक्सप्रेसवे, द्वारका एक्सप्रेसवे और इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से बेहतर कनेक्टिविटी ने हरियाणा में निवेश आकर्षित करने में बड़ी भूमिका निभाई है। पार्टी अब पंजाब में भी इसी तरह की आधुनिक सड़क, औद्योगिक और परिवहन सुविधाओं के विकास का वादा कर रही है।
‘पंजाब को चाहिए मेट्रो और बुलेट ट्रेन’
विपुल गोयल ने कहा कि पंजाब में भी विकास की अपार संभावनाएं हैं, लेकिन इसके लिए बेहतर एयरपोर्ट कनेक्टिविटी, हाईवे नेटवर्क, मेट्रो और भविष्य में बुलेट ट्रेन जैसी परियोजनाओं की जरूरत है। उनका दावा है कि ऐसी सोच और विजन केवल BJP ही दे सकती है। BJP का मानना है कि विकास और आधुनिक बुनियादी ढांचे पर आधारित यह अभियान पंजाब के शहरी और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में पार्टी को राजनीतिक बढ़त दिलाने में मदद कर सकता है।





