Teghbir Singh: पंजाब के रोपड़ जिले के सात वर्षीय तेघबीर सिंह ने पर्वतारोहण की दुनिया में नया इतिहास रच दिया है। महज 7 साल 10 महीने की उम्र में उन्होंने हिमाचल प्रदेश के लाहौल स्थित 6,111 मीटर ऊंचे माउंट यूनम (Mount Yunam) पर सफलतापूर्वक चढ़ाई कर दुनिया के सबसे कम उम्र के पर्वतारोही बनने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। तेघबीर ने मुंबई की काम्या कार्तिकेयन का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 2017 में 9 साल 11 महीने की उम्र में 6,000 मीटर से अधिक ऊंची चोटी फतह की थी।
6 दिन में पूरी की कठिन चढ़ाई
रोपड़ के शिवालिक पब्लिक स्कूल में कक्षा तीन के छात्र तेघबीर ने 7 जुलाई को अभियान शुरू किया और 13 जुलाई को छह दिन की कठिन चढ़ाई के बाद दोपहर 2:50 बजे माउंट यूनम की चोटी पर पहुंच गए। इस दौरान उन्हें कम ऑक्सीजन, शून्य से नीचे तापमान और कठिन पहाड़ी रास्तों का सामना करना पड़ा।
6 महीने की कड़ी तैयारी
तेघबीर के पिता सुखिंदरदीप सिंह, जो स्वयं भी पर्वतारोही हैं, ने बताया कि इस अभियान के लिए बेटे ने करीब छह महीने तक विशेष तैयारी की। उन्होंने रिटायर्ड कोच बिक्रमजीत सिंह घुम्मन की देखरेख में कार्डियो फिटनेस, फेफड़ों की क्षमता, सहनशक्ति और ऊंचाई के अनुरूप खुद को ढालने का प्रशिक्षण लिया।
नेपाल ट्रेकिंग बनी बड़ी तैयारी
इस साल नेपाल में 235 किलोमीटर लंबे अन्नपूर्णा सर्किट ट्रेक को पूरा करना माउंट यूनम अभियान की अहम तैयारी साबित हुआ। बेस कैंप पर तीन दिन तक ऊंचाई के अनुसार शरीर को ढालने के बाद तेघबीर ने अंतिम चढ़ाई पूरी की।
ये भी पढ़ें- पीएम मोदी ने जालंधर से खिलाड़ियों और स्पोर्ट्स इंडस्ट्री को दी बड़ी सौगात, खेल अर्थव्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा
पहले भी बना चुके हैं कई रिकॉर्ड
तेघबीर सिंह पहले भी कई बड़ी उपलब्धियां हासिल कर चुके हैं। अप्रैल 2026 में दुनिया के सबसे कम उम्र के व्यक्ति बने जिन्होंने 235 किमी अन्नपूर्णा सर्किट ट्रेक पूरा किया। जून 2025 में यूरोप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एल्ब्रुस फतह कर सबसे कम उम्र के पर्वतारोही बने।अगस्त 2024 में अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो पर चढ़ने वाले सबसे कम उम्र के एशियाई बने। अप्रैल 2024 में सिर्फ 5 साल 7 महीने की उम्र में एवरेस्ट बेस कैंप तक पहुंचने का कारनामा किया।
माता-पिता ने निभाई अहम भूमिका
तेघबीर की मां डॉ. मनप्रीत कौर ने बताया कि पूरे प्रशिक्षण और अभियान के दौरान संतुलित आहार और अनुशासित दिनचर्या ने उनकी सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं पिता ने कहा कि बेटे का लक्ष्य आगे भी पर्वतारोहण की नई ऊंचाइयों को छूना है।





