PM Modi gifts a major boost to Punjab’s athletes and sports industry: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को पांच महीने के भीतर दूसरी बार जालंधर पहुंचकर पंजाब के खिलाड़ियों और खेल उद्योग को बड़ी सौगात दी। जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन से देशभर के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन करने के साथ ही उन्होंने जालंधर को स्पोर्ट्स इकोसिस्टम के बड़े केंद्र के रूप में विकसित करने की प्रतिबद्धता जताई। प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्हें पंजाब के युवाओं की खेल प्रतिभा पर पूरा भरोसा है। राज्य के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं और केंद्र सरकार उन्हें बेहतर सुविधाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है।
जालंधर की स्पोर्ट्स इंडस्ट्री को मिलेगा फायदा
पीएम मोदी ने कहा कि ‘खेलो इंडिया’ और नई खेल नीति जालंधर के खेल उद्योग के लिए बड़ा अवसर लेकर आई है। उन्होंने खेल उपकरण निर्माण से जुड़े उद्योगों से खेल अर्थव्यवस्था (Sports Economy) को मजबूत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जालंधर में कोचिंग सेंटर, स्पोर्ट्स साइंस, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और स्पोर्ट्स मेडिसिन जैसे क्षेत्रों में अपार संभावनाएं हैं और केंद्र सरकार हर संभव सहयोग देगी।
किसानों का भी किया जिक्र
अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री ने किसानों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि हरियाणा के किसानों को 24 फसलों पर एमएसपी मिल रही है, जबकि पंजाब के किसानों के साथ धोखा हो रहा है। उनके हरे रंग की पगड़ी पहनने को लेकर भी चर्चा रही। भाजपा नेताओं ने इसे पंजाब के किसानों और सैनिकों के प्रति सम्मान का प्रतीक बताया।
रविदासिया समाज और कर्मचारियों का किया उल्लेख
प्रधानमंत्री ने रविदासिया समाज का जिक्र करते हुए कहा कि नई ट्रेन सेवा के जरिए अब वाराणसी की यात्रा और आसान हो गई है। उन्होंने पंजाब के आंदोलनरत सरकारी कर्मचारियों के प्रति भी समर्थन जताया।
ये भी पढ़ें- 2036 ओलंपिक की तैयारी अभी से, 5-15 साल के बच्चों की खेल प्रतिभा पहचानें: PM मोदी
यूरोपीय बाजार में बढ़ेंगे पंजाब के उत्पाद
कार्यक्रम के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केवल ढिल्लों ने प्रधानमंत्री को तलवार, महाराजा रणजीत सिंह का चित्र और गुरमुखी लिपि वाली शॉल भेंट की। उन्होंने कहा कि यूरोपीय देशों के साथ व्यापार समझौते में गेहूं और डेयरी उत्पादों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रधानमंत्री का धन्यवाद। इसके साथ ही अब लुधियाना के होजरी और साइकिल उद्योग, जालंधर के खेल सामान और चमड़ा उत्पाद, बटाला की मशीनरी तथा पंजाब के बासमती चावल, फल और सब्जियां 27 यूरोपीय देशों में बिना शुल्क (टैरिफ) के निर्यात का लाभ उठा सकेंगी।





