हांसी: गुरुवार की सुबह हांसी शहर में उस वक्त हडकंप मच गया जब दो अज्ञात बाइक सवारों ने 10 राउंड फायरिंग कर एक जिम ऑपरेटर की हत्या कर डाली।
जिम के बाहर खड़े कपिल पर बाइक सवारों ने बरसा दी गोलियां
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 27 वर्षीय कपिल के रूप में हुई है, जो जिम में आने वाले लोगों को ट्रेनिंग देता थे। कपिल मूल रूप से जिंद जिले के दलामवाला गांव का रहने वाला था और वर्तमान में हांसी के शांति नगर में रह रहा था। गुरुवार की सुबह वह जिम के बाहर खड़े थे, तभी बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और करीब से उन पर गोलियों की बौछार कर दी।
ये भी पढ़ें- हिसार के गंदे नाले में महिला की कटी टांग मिलने से मचा हडकंप, मामले की जांच में जुटी पुलिस
हमलावरों ने 10 राउंड गोलियां चलाई
घटना के वक्त मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि हमलावरों ने कपिल पर करीब 10 राउंड गोलियां चलाईं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हमले में एक महिला भी घायल
हमले के दौरान रास्ते से गुजर रही एक महिला को भी गोली लग गई। घायल महिला का इलाज सिविल अस्पताल हिसार में चल रहा है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की तलाश के लिए टीमें गठित की गई हैं। शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश या किसी रैकेट से जुड़े एंगल की भी जांच की जा रही है, हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है। घटना आसपास लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है और फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।






