हरियाणा में डिजिटल जनगणना 2027 की शुरूआत हो चुकी है। इस नई व्यवस्था की शुरूआत मुख्यमंत्री नायाब सिंह सैनी ने कर दिया है। सरकार का दावा है कि डिजिटल माध्यम से जनगणना पहले के मुताबिक अधिक सटीक, तेज और पारदर्शी होगी।
16 से 30 अप्रैल तक चलेगी डिजिटल जनगणना
हरियाणा में 16 से 30 अप्रैल तक स्व-गणना की प्रक्रिया चलेगी। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने स्व-गणना के आंकड़े दर्ज किए। पहले चरण में मकानों की संख्या और मकानों से संबंधित प्रश्न पूछे जायेंगे। केंद्र सरकार की ओर से इस बार एक विशेष सुविधा दी गई है, जिससे लोग खुद से अपनी जानकारी ऑनलाइन भर सकेंगे।
घर बैठे ऑनलाइन खुद भर सकते हैं अपना डेटा
केंद्र सरकार ने स्व जनगणना के लिए एक पोर्टल https://se.census.gov.in/ लॉन्च कर दिया है। इस पोर्टल के माध्यम से लोग खुद भी अपनी जानकारी भर सकते हैं। इससे समय की बचत होगी साथ ही डेटा भी सटीक रहेगा। जनगणना का दूसरा चरण फरवरी 2027 में शुरू होगा। इसमें लोगों से उनकी जाति पूछी जाएगी।
कैसे भरें पोर्टल पर फॉर्म
1. सबसे पहले ऑफिशियल पोर्टल https://se.census.gov.in/ पर जाना होगा।
2. अपने मोबाइल नंबर से ओटीपी द्वारा लॉगिन करें
3.अपना राज्य, जिला और स्थानीय विवरण चुनें
4. डिजिटल मानचित्र पर अपने घर का स्थान चिन्हित करें
5.मकान व परिवार से संबंधित जानकारी भरें
6. सबमिशन के बाद स्व गणना की एक आईडी मिलेगी
7. इस आईडी को संभाल रखें। फोटो खींच ले या प्रिंट आउट निकाल कर रख लें।
8. जब जनगणना कर्मी आएंगे तो उन्हें सिर्फ अपनी आई डी दे दें।
क्या-क्या पूछा जाएगा
- मकान से संबंधित : मकान संख्या, फर्श, दीवार व छत की मुख्य सामग्री, मकान का उपयोग (आवासीय/गैर-आवासीय), मकान की स्थिति।
- परिवार की जानकारी : परिवार के सदस्यों की संख्या, परिवार के मुखिया का नाम, मकान का स्वामित्व, कमरों की संख्या।
- मूलभूत सुविधाएं : पेयजल का स्रोत, बिजली की सुविधा, शौचालय की उपलब्धता व प्रकार, स्नानघर की सुविधा, रसोई व गैस कनेक्शन, खाना पकाने का ईंधन।
- परिवार की सुविधाएं : रेडियो-टेलीविजन, इंटरनेट व कंप्यूटर, मोबाइल फोन, दोपहिया व चारपहिया वाहन।
स्व गणना नहीं कर पायें तो चिंता की बात नहीं
चीफ प्रिंसिपल जनगणना अधिकारी डा. ललित जैन ने जानकारी देते हुए कहा कि अगर कोई स्व गणना नहीं कर पाता है तो चिंता करने की जरूरत नहीं है। 1 मई से जनगणना कर्मी घर आएंगे और सारी जानकारी नोट कर ले जायेंगे। प्रदेश में 70 हजार कर्मियों को जनगणना के लिए प्रशिक्षित किया गया है। यह ट्रेनिंग पिछले दो महीने से चल रही है। इसके अलावा सभी डिविजनल कमिश्नर, डीसी, सीटीएम, तहसीलदार और अन्य अधिकारियों को भी विभिन्न प्रकार की जिम्मेदारी दी गई है।
हाइलाइट्स (Highlights):
- Nayab Singh Saini ने डिजिटल जनगणना 2027 की शुरुआत की
- 16 से 30 अप्रैल तक चलेगी स्व-गणना (Self Enumeration) प्रक्रिया
- लोग घर बैठे ऑनलाइन पोर्टल के जरिए खुद भर सकेंगे डेटा
- डिजिटल जनगणना से डेटा होगा ज्यादा सटीक, तेज और पारदर्शी
- पहले चरण में मकान और परिवार से जुड़ी जानकारी होगी एकत्र
- दूसरे चरण (फरवरी 2027) में जाति से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे
- स्व-गणना के बाद मिलेगी यूनिक ID, जिसे रखना होगा सुरक्षित
- 1 मई से घर-घर जाकर डेटा जुटाएंगे जनगणना कर्मी
- प्रदेश में 70 हजार कर्मियों को किया गया प्रशिक्षित
- पेयजल, बिजली, शौचालय, इंटरनेट समेत सुविधाओं की भी ली जाएगी जानकारी






