फतेहाबाद: राजस्थान के बीकानेर जिले में सोमवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में हरियाणा के फतेहाबाद जिले के एक ही परिवार के छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक छोटी बच्ची गंभीर रूप से घायल है। यह हादसा श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के हेमासर गांव के पास उस समय हुआ जब परिवार मुकाम धाम में दर्शन कर वापस लौट रहा था।
कैसे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, परिवार स्विफ्ट डिज़ायर कार में सवार होकर मुकाम धाम में पूजा-अर्चना करने गया था। वापसी के दौरान हेमासर गांव के पास उनकी कार सामने से आ रहे एक डंपर ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई।टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर ही चीख-पुकार मच गई। सड़क पर लंबी स्किड मार्क्स भी मिले, जिससे टक्कर की तीव्रता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
मौके पर ही 6 लोगों की मौत
इस दर्दनाक हादसे में कार सवार छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है ओम प्रकाश सुथार (परिवार के मुखिया, फतेहाबाद निवासी), सोरमा देवी (55) पत्नी, प्रमिला (30) बेटी, यशवी (10) पोती, खुशी (8) पोती और रोनित (4) पोता।
एक बच्ची की हालत गंभीर
हादसे में एक छोटी बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र श्रीडूंगरगढ़ ले जाया गया और बाद में हालत नाजुक होने पर बीकानेर के PBM अस्पताल रेफर कर दिया गया। एक अन्य बच्ची तनवी भी गंभीर हालत में इलाजरत है।
रिटायरमेंट के बाद पहली यात्रा बनी आखिरी
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, परिवार के मुखिया ओम प्रकाश सुथार हाल ही में 31 मई को फतेहाबाद DDPO कार्यालय से वरिष्ठ लेखाकार के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। रिटायरमेंट के बाद यह उनकी मुकाम धाम की पहली यात्रा थी, जो परिवार के लिए आखिरी साबित हुई। परिवार हर अमावस्या पर दर्शन के लिए मुकाम धाम जाता था, लेकिन इस बार यात्रा लौटते समय दुर्घटना में बदल गई।
ये भी पढ़ें- शादी के 3 महीने के बाद ही सौतेले पिता ने बेटी के साथ दुष्कर्म जैसी घिनौनी वारदात को दिया अंजाम
पुलिस जांच जारी
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से शवों को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। मामले की जांच की जा रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
गांव में मातम
इस हादसे के बाद फतेहाबाद के मटाना गांव में शोक की लहर है। एक ही परिवार के कई सदस्यों की एक साथ मौत से पूरा इलाका स्तब्ध है।






