हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश सरकार की उद्योग अनुकूल नीतियों का अब साफ तौर पर सकारात्मक प्रभाव देखने को मिल रहा है। डाइकिन एयर कंडीशनर कंपनी (Daikin Air Conditioner Company) 1000 करोड़ रूपये का निवेश करने वाली है, जिससे प्रदेश के 500 से अधिक युवाओं को रोजगार मिलेगा। चंडीगढ़ स्थित संत कबीर कुटीर में मुख्यमंत्री सैनी ने जापानी प्रतिनिधिमंडल से बातचीत की। जापानी प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने उन्हें भेट के रूप में गीता प्रदान की।
मानेसर में एक अत्याधुनिक अनुसंधान एवं विकास केंद्र होगा स्थापित
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि हरियाणा में निवेश को लेकर जापानी कंपनियों का विश्वास बढ़ रहा है और अब वो निवेश के लिए इच्छुक हैं। जापानी कंपनी के निवेश के तहत मानेसर में एक अत्याधुनिक अनुसंधान एवं विकास केंद्र स्थापित होगा। ये देश में पहला सबसे बड़ा और पहला केंद्र होगा जो तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देने के साथ-साथ हरियाणा को औद्योगिक हब के रूप में और अधिक मजबूत करेगा।
जापान का हरियाणा की नीतियों और औद्योगिक वातावरण पर गहरा प्रभाव
मुख्यमंत्री ने बताया कि बीते साल अक्टूबर 2025 में जापान यात्रा के दौरान एमओयू (समझौता ज्ञापन) का ये प्रत्यक्ष परिणाम है। जापान का हरियाणा की नीतियों और औद्योगिक वातावरण का गहरा प्रभाव पड़ा है जो निवेश के रूप में अब सामने आया है। अब भविष्य में और भी विदेशी निवेशकों के रास्ते खुलेंगे जिससे युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खुलेंगे।
ये भी पढ़ें- ग्लोबल हब बनने की दिशा में हरियाणा का बड़ा कदम, सिंगापुर की तर्ज पर बसेंगे 5 शहर
‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ को बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार मुख्य उद्देश्य ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ को बढ़ावा देना है और ‘कॉस्ट ऑफ डूइंग बिजनेस’ को कम करना है। इसके लिए सरकार ने अनेक सुधारात्मक एवं आवश्यक कदम उठाए हैं, जिससे उद्योगपतियों को निवेश करने में सहायता मिल रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने औद्योगिक निवेशकों की सुविधा के लिए सिंगल विंडो सिस्टम लागू किया है, जिसके अंतर्गत तमाम आवश्यक एनओसी एक ही स्थान पर उपलब्ध करवाई जाती हैं। इससे प्रक्रियाएं सरल और तेज हुई हैं, जिससे विदेशी कंपनियों का हरियाणा की ओर आकर्षण बढ़ा है।
हाइलाइट्स:
- नायब सिंह सैनी ने कहा—उद्योग नीतियों का सकारात्मक असर दिख रहा
- Daikin Air Conditioner Company हरियाणा में 1000 करोड़ रुपये का निवेश करेगी
- निवेश से 500 से अधिक युवाओं को रोजगार मिलने की संभावना
- मानेसर में अत्याधुनिक अनुसंधान एवं विकास केंद्र होगा स्थापित
- जापानी प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से चंडीगढ़ में मुलाकात की
- अक्टूबर 2025 की जापान यात्रा के MoU का परिणाम बताया गया निवेश
- हरियाणा की नीतियों और औद्योगिक माहौल से जापानी कंपनियां प्रभावित
- ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ बढ़ाने और लागत कम करने पर जोर
- सिंगल विंडो सिस्टम से निवेश प्रक्रिया हुई आसान और तेज
- भविष्य में और विदेशी निवेश व रोजगार के नए अवसर खुलने की उम्मीद





