हरियाणा का ग्लोबल हब बनने का सफर पूरा होने जा रहा है। हरियाणा के 5 शहरों का औद्योगिक ढांचा सिंगापुर की तर्ज पर तैयार किया जाएगा। प्रदेश के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने बताया कि करीबन 135 किलोमीटर लंबा कुंडली-मानेसर-पलवल (KMP) एक्सप्रेसवे राज्य के औद्योगिक विकास का मुख्य आधार बनेगा और ‘विकसित भारत-2047’ के विज़न को साकार करने में अहम भूमिका निभाएगा।
उन्होंने कहा कि 2031 की अनुमानित जनसंख्या को ध्यान में रखते हुए सरकार की ओर से एक्सप्रेसवे के दोनों ओर 5 नए शहरों को विकसित करने के उद्देश्य से ‘पंचग्राम विकास प्राधिकरण’ का गठन किया गया है। इस एक्सप्रेसवे का विकास सिंगापुर की तर्ज पर होगा, जिससे यह यह क्षेत्र आधुनिक शहरीकरण और औद्योगिक प्रगति का केंद्र बन जाएगा।
‘विकसित भारत-2047’ के विजन में NCR की महत्वपूर्ण भूमिका
उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के द्वारा ‘विकसित भारत-2047’ के विज़न में राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) की महत्वपूर्ण भूमिका है। इस दिशा में KMP एक्सप्रेसवे सशक्त कनेक्टिविटी और बुनियादी ढांचा प्रदान करेगा।
औद्योगिक नीति में जरूरी संसोधन
उद्योग मंत्री ने कहा कि इस को ध्यान में रखते हुए हरियाणा सरकार ने अपनी औद्योगिक नीति में आवश्यक संशोधन किए हैं, जिससे निवेश, रोजगार और इंफ्रास्ट्रक्चर को नई गति मिल सके। उन्होंने कहा हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं आधारभूत संरचना विकास निगम (एचएसआइआइडीसी) का उद्देश्य केवल राजस्व अर्जित करना नहीं, बल्कि उद्योगपतियों को बेहतर सुविधाएं, त्वरित सेवाएं और अनुकूल माहौल उपलब्ध कराना होना चाहिए।
ये भी पढ़ें- हरियाणा में 3 लाख किशोरियों को मुफ्त में लगेगा HPV का टीका
उद्योग विभाग के बजट में 125 प्रतिशत की वृद्धि
उद्योग मंत्री राव ने बताया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने साल 2030 तक औद्योगिक विकास को गति देने के लिए 10 नई ‘औद्योगिक मॉडल टाउनशिप’ (IMTs) स्थापित करने की घोषणा की थी। इनमें से 5 IMTs को मंजूरी मिल चुकी है और उनके विकास की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने बताया कि पिछले साल उद्योग विभाग के बजट में 125 प्रतिशत की वृद्धि की गई थी और आगामी बजट में इसे और बढ़ाने की योजना है, ताकि राज्य में औद्योगिक विस्तार को निरंतर मजबूती मिलती रहे।
5 नए शहर विकसित भारत के आकर्षण का केंद्र
उद्योग मंत्री ने बताया कि प्रस्तावित 10 IMTs में से 3 का विकास राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में किया जाएगा, जिनका केंद्र KMP एक्सप्रेसवे होगा। साथ ही ये 5 नए शहर ‘विकसित भारत’ के आकर्षण का केंद्र बनेंगे और दिल्ली में बढ़ती जनसंख्या के दबाव को कम करेंगे। उद्योग मंत्रा ने कहा कि हरित क्रांति के अगुआ रहने वाले हरियाणा ने गुरुग्राम को एक आईटी हब के रूप में विकसित करके वैश्विक स्तर पर अपनी खास पहचान बनाई है। आने वाले वक्त में जब नए IMT विकसित किए जाएंगे, तो हरियाणा देश की औद्योगिक क्रांति का नेतृत्व करेगा। उन्होंने कहा कि भौगोलिक रूप से, हरियाणा तीन तरफ से दिल्ली से जुड़ा हुआ है और IGI हवाई अड्डा तथा जेवर हवाई अड्डा केवल आधे घंटे में पहुंचा जा सकता है जिससे यह क्षेत्र देश और विदेश के निवेशकों के लिए बहुत आकर्षक बन गया है।
हाइलाइट्स:
- हरियाणा को ग्लोबल इंडस्ट्रियल हब बनाने की दिशा में बड़ा कदम
- कुंडली-मानेसर-पलवल (KMP) एक्सप्रेसवे के दोनों ओर 5 नए शहर विकसित किए जाएंगे
- ‘पंचग्राम विकास प्राधिकरण’ का गठन, 2031 की जनसंख्या को ध्यान में रखकर योजना
- नए शहरों का विकास सिंगापुर की तर्ज पर आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ होगा
- ‘विकसित भारत-2047’ विजन में NCR की अहम भूमिका
- औद्योगिक नीति में संशोधन कर निवेश और रोजगार को बढ़ावा
- उद्योग विभाग के बजट में 125% की वृद्धि, आगे और बढ़ाने की योजना
- 10 नए IMTs स्थापित करने की घोषणा, 5 को मंजूरी
- NCR क्षेत्र में 3 IMTs विकसित होंगे, KMP एक्सप्रेसवे होगा केंद्र
- नए शहर दिल्ली की बढ़ती आबादी का दबाव कम करेंगे
- गुरुग्राम की तरह नए औद्योगिक हब विकसित करने की तैयारी
- IGI और जेवर एयरपोर्ट की नजदीकी से निवेशकों के लिए क्षेत्र और आकर्षक बनेगा






