हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि अपनी बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए HPV (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) का टीका अवश्य लगवाएं। सरकार की ओर से यह टीकाकरण मुफ्त में करवाया जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकार हरियाणा में 14 से 15 वर्ष की 3 लाख किशोरियों को यह टीका लगवाएगी। किशोरियों को स्वस्थ और सुरक्षित रखने के लिए सरकार की ओर से यह अभियान चलाया जा रहा है।
HPV के टाइप 16 और 18 से देती है सुरक्षा
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इसी साल 28 फरवरी को हरियाणा में HPV की वैक्सीन लॉन्च की। यह वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर के लिए जिम्मेदार HPV के टाइप 16 और 18 से सुरक्षा देती है। साथ ही ये टाइप 6 और 11 से भी सुरक्षा प्रदान करती है। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह ने सर्वाइकल कैंसर के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि यह एक ऐसा कैंसर है जो गर्भाशय ग्रीवा (cervix) के निचले हिस्से में शुरू होता है। इस कैंसर का मुख्य कारण ह्यूमन पैपिलोमा वायरस का लंबे वक्त तक संक्रमण है। खासतौर पर HPV-16 और HPV-18 को बहुत खतरनाक माना जाता है। धूम्रपान, कम उम्र में शादी और गर्भधारण, बार-बार बच्चे होना और कमजोर प्रतिरक्षा प्रणाली (immune system) के कारण सर्वाइकल कैंसर का खतरा बढ़ जाता है।
टीका लगवाने से पहले माता-पिता से सहमति जरूरी
संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि टीका लगाने से पहले, सभी चिकित्सा और पैरामेडिकल कर्मचारी यह सुनिश्चित करें कि टीका लगवाने वाली किशोरियां टीकाकरण के समय खाली पेट न हों। टीका लगवाने से पहले माता-पिता से OTP-आधारित सहमति या लिखित सहमति प्राप्त करना आवश्यक है।
ये भी पढ़ें- बायोमेट्रिक सिस्टम के खिलाफ करनाल की अनाज मंडी में किसानों का हल्ला-बोल
उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार महिलाओं के स्वास्थ्य में सुधार करने और सर्वाइकल कैंसर की घटनाओं तथा मृत्यु दर को कम करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि सरकार जागरूकता बढ़ाने, नियमित जांच और बेहतर उपचार सुविधाओं को मजबूत करने के लिए कई बड़े कदम उठा रही है। सरकार का लक्ष्य है कि हर महिला को नियमित जांच और बेहतरीन इलाज मिले जिससे सर्वाइकल कैंसर को जड़ से खत्म कर सकें।
हाइलाइट्स:
- हरियाणा सरकार ने किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए HPV टीकाकरण अभियान शुरू किया
- 14–15 वर्ष की करीब 3 लाख लड़कियों को मुफ्त HPV वैक्सीन दी जाएगी
- वैक्सीन ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (HPV) के खतरनाक टाइप 16 और 18 से सुरक्षा देती है
- साथ ही HPV टाइप 6 और 11 से भी बचाव में मददगार
- यह कैंसर गर्भाशय ग्रीवा (cervix) के निचले हिस्से में होता है
- HPV का लंबे समय तक संक्रमण इसका मुख्य कारण माना जाता है
- कम उम्र में शादी, बार-बार गर्भधारण, धूम्रपान और कमजोर इम्यून सिस्टम से खतरा बढ़ता है
- टीकाकरण से पहले माता-पिता की सहमति (OTP या लिखित) अनिवार्य
- किशोरियों को खाली पेट टीका नहीं लगाया जाएगा
- सरकार का लक्ष्य जागरूकता, जांच और इलाज को मजबूत कर कैंसर के मामलों और मृत्यु दर को कम करना है






