9th installment of Lado Lakshmi Yojana released in Haryana: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को चंडीगढ़ में आयोजित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ वितरण कार्यक्रम में प्रदेश के लाखों लोगों को बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने 19 जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत 50 लाख 20 हजार 460 पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में 1,582 करोड़ 16 लाख रुपए सीधे ट्रांसफर किए। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार पारदर्शिता, सुशासन और अंत्योदय के सिद्धांत पर काम करते हुए हर पात्र व्यक्ति तक बिना किसी भेदभाव के योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) व्यवस्था के कारण अब लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते। सभी आर्थिक सहायता सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जा रही है, जिससे पारदर्शिता बढ़ी है और भ्रष्टाचार पर रोक लगी है।
15 सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत 1121 करोड़ जारी
मुख्यमंत्री ने बताया कि 15 सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत 34 लाख 83 हजार लाभार्थियों के खातों में 1,121 करोड़ 39 लाख रुपए ट्रांसफर किए गए। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि हर पात्र व्यक्ति को बिना किसी परेशानी के समय पर लाभ मिले।
लाडो लक्ष्मी योजना की 9वीं किस्त जारी
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना की 9वीं किस्त भी जारी की। इसके तहत 9 लाख 98 हजार महिलाओं और बेटियों के खातों में 209 करोड़ 69 लाख रुपए भेजे गए। उन्होंने बताया कि योजना शुरू होने से अब तक 9 किस्तों में कुल 1,832 करोड़ 69 लाख रुपए वितरित किए जा चुके हैं।
दयालु योजना के तहत 3295 परिवारों को सहायता
दयालु योजना के तहत 3,295 परिवारों को 125 करोड़ 11 लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी गई। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस योजना के तहत अब तक 77 हजार 330 परिवारों को 2,918 करोड़ 42 लाख रुपए की मदद उपलब्ध कराई जा चुकी है।
ये भी पढ़ें- गुरुग्राम पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नंदल गैंग के 4 बदमाश मार गिराए
5.16 लाख महिलाओं को गैस सिलेंडर सब्सिडी
मुख्यमंत्री ने बताया कि गैस सिलेंडर रिफिल कराने वाली 5 लाख 16 हजार महिलाओं के खातों में 18 करोड़ 97 लाख रुपए की सब्सिडी भेजी गई। अब तक 14 लाख 43 हजार महिलाओं को इस योजना के तहत 320 करोड़ 97 लाख रुपए की सब्सिडी सीधे बैंक खातों में दी जा चुकी है।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 107 करोड़ जारी
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत 20 हजार 165 लाभार्थियों के मकान निर्माण के लिए 107 करोड़ रुपए जारी किए गए। मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक इस योजना के तहत 827 करोड़ 22 लाख रुपए की सहायता दी जा चुकी है। प्रदेश में 76 हजार 466 मकान स्वीकृत हुए हैं, जिनमें से 41 हजार 260 मकान बनकर तैयार हो चुके हैं, जबकि 35 हजार 206 मकानों का निर्माण कार्य जारी है।
कांग्रेस और AAP पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने प्रेस वार्ता में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर भी हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों ने गरीबों, किसानों और युवाओं के नाम पर केवल वादे किए, जबकि भाजपा की डबल इंजन सरकार ने उन्हें धरातल पर उतारा है। उन्होंने कहा कि आज पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव और बिना बिचौलियों के सीधे मिल रहा है।
‘पर्ची-खर्ची’ नहीं, मेरिट से मिल रही नौकरी
नायब सिंह सैनी ने दावा किया कि हरियाणा में सरकारी भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी है और अब युवाओं को ‘पर्ची’ और ‘खर्ची’ नहीं, बल्कि मेरिट के आधार पर नौकरी मिल रही है। उन्होंने कहा कि पिछले डेढ़ वर्ष में 50 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के जरिए सरकारी नौकरी दी गई है।
17 जुलाई को PM मोदी का हरियाणा दौरा
मुख्यमंत्री ने बताया कि 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हरियाणा दौरा प्रस्तावित है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस दौरे के दौरान राज्य को कई नई विकास परियोजनाओं की सौगात मिलेगी, जिससे विकास कार्यों को और गति मिलेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान जलभराव रोकने के लिए सरकार ड्रेनेज सिस्टम को मजबूत करने और आवश्यक स्थानों पर बोरवेल बनाने का कार्य भी कर रही है।





