करनाल से CM सैनी का बड़ा बयान, पेपर लीक कानून और पंजाब सरकार पर साधा निशाना

SHARE:

CM Saini targeted the Punjab government: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुवार को करनाल जिले के कुटेल मेडिकल यूनिवर्सिटी में आयोजित 77वें राज्य स्तरीय वन महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान उनके साथ पर्यावरण मंत्री राव नरबीर सिंह और विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण भी मौजूद रहे। सभी ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

पंजाब के पेपर लीक पर सरकार को घेरा

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब में फार्मेसी परीक्षा पेपर लीक का मुद्दा उठाते हुए कहा कि छात्र सड़कों पर प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस नेताओं पर “हाथी के दांत खाने के और, दिखाने के और” वाली कहावत बिल्कुल सटीक बैठती है। उन्होंने आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया का जिक्र करते हुए कहा कि पहले वे कहते थे कि कहीं भी पेपर लीक होगा तो शिक्षा मंत्री का इस्तीफा लिया जाएगा, लेकिन अब उनके नेता इस मुद्दे पर चुप हैं।

पेपर लीक कानून का किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने 2024 में पेपर लीक रोकने के लिए सख्त कानून बनाया है। इस कानून के तहत दोषी पाए जाने वालों को 10 साल तक की जेल और 10 करोड़ रुपये तक का जुर्माना हो सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के समय केवल चर्चा हुई, जबकि वर्तमान सरकार ने इसे कानून का रूप दिया।

ये भी पढ़ें- नमो भारत RRTS का दायरा बढ़ा, बावल से राजस्थान के बहरोड़ तक दौड़ेगी रैपिड ट्रेन

जंतर-मंतर विवाद पर जताई नाराजगी

मुख्यमंत्री ने जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री के खिलाफ सोशल मीडिया पर इस्तेमाल की गई भाषा पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि ऐसी भाषा बच्चों के अभिभावक भी सुनना पसंद नहीं करेंगे। उन्होंने कांग्रेस पर युवाओं को गुमराह करने का आरोप लगाया।

20 हजार बच्चों ने लगाया पौधा

वन महोत्सव के अवसर पर मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेशभर में करीब 20 हजार बच्चों ने पौधारोपण किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “एक पेड़ मां के नाम” अभियान का उल्लेख करते हुए लोगों से पर्यावरण संरक्षण में भागीदारी बढ़ाने की अपील की। उन्होंने घोषणा की कि प्रदूषण कम करने के लिए 48 एकड़ क्षेत्र में मियावाकी वन विकसित किया जाएगा।

राव नरबीर सिंह ने किया पौधारोपण का आह्वान

पर्यावरण, वन एवं वन्यजीव मंत्री राव नरबीर सिंह ने लोगों से कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि भविष्य की पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण देने के लिए यह जरूरी है। राहुल गांधी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष का काम आलोचना करना और सरकार का काम जवाब देना है।

कंगना के बयान पर प्रतिक्रिया से किया इनकार

कंगना रनौत के बयान पर पूछे गए सवाल के जवाब में राव नरबीर सिंह ने कहा कि उन्होंने अभी तक उनका बयान नहीं सुना है, इसलिए इस पर कोई टिप्पणी नहीं करेंगे। उन्होंने पेड़ों की सुरक्षा के लिए कागज के कम इस्तेमाल पर भी जोर दिया।

पौधारोपण की होगी पांच साल तक निगरानी

राव नरबीर सिंह ने बताया कि वन विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि पौधारोपण कम से कम एक हेक्टेयर क्षेत्र में किया जाए, ताकि उसकी बेहतर निगरानी हो सके। लगाए गए पौधों का पांच वर्षों तक रखरखाव सुनिश्चित किया जाएगा।

विधानसभा अध्यक्ष ने भी दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने भी लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की। उन्होंने कुटेल यूनिवर्सिटी के सामने स्थित सीवरेज नाले को मजबूत करने की भी मांग उठाई।

Join us on:

Leave a Comment