रविवार (26 अप्रैल) को गुरुग्राम के सेक्टर-29 स्थित लेजर वैली पार्क में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आधुनिक लाइट एंड साउंड शो के साथ 3D प्रोजेक्शन मैपिंग (वॉटर स्क्रीन पर) का उद्घाटन किया। 8 करोड़ की बड़ी लागत के साथ इसका निर्माण किया गया है। इस दौरान मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि “यह ऐतिहासिक पार्क शहर के लोगों के लिए सुकून, स्वास्थ्य और सकारात्मक ऊर्जा का महत्वपूर्ण केंद्र है।”
मुख्यमंत्री ने पार्क में सिंथेटिक ट्रैक के निर्माण और इसके और अधिक सौंदर्यीकरण की घोषणा की
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि लेजर वैली पार्क में बड़ी संख्या में लोग सुबह-शाम सैर के लिए आते हैं और यहां का वातावरण उन्हें मानसिक शांति और नई ऊर्जा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि जब व्यक्ति चिंताओं से मुक्त होता है तो उसका स्वास्थ्य बेहतर होता है और कार्यक्षमता भी बढ़ती है। साथ ही इस मौके पर उन्होंने पार्क में सिंथेटिक ट्रैक के निर्माण और इसके और अधिक सौंदर्यीकरण की भी घोषणा की, ताकि गुरुग्राम ही नहीं बल्कि बाहर से आने वाले लोग भी यहां आकर्षित हों और इस सुविधा का लाभ उठा सकें।
ये भी पढ़ें- हरियाणा विधानसभा विशेष सत्र का कांग्रेस ने किया बहिष्कार
म्यूजिकल फाउंटेन पर भगवान हनुमान जी की 3डी कथा का चित्रण
मुख्यमंत्री ने गुरुग्राम के लोगों को बधाई और शुभकामनाएं दी। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने म्यूजिकल फाउंटेन पर भगवान हनुमान जी की 3डी कथा का चित्रण भी देखा। इस दौरान वहां मौजूद हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि गुरुग्राम का यह प्रमुख और सबसे बड़ा पार्क लंबे समय से लोगों के लिए सुबह-शाम सैर और विश्राम का प्रमुख केंद्र रहा है। गुरुग्राम की बढ़ती आबादी को देखते हुए यह पार्क नागरिकों के लिए और भी महत्वपूर्ण हो गया है। यहां आने वाले लोगों को न केवल मनोरंजन मिलेगा, बल्कि उनका शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य भी बेहतर होगा।
हाइलाइट्स
- गुरुग्राम के सेक्टर-29 स्थित लेजर वैली पार्क में 3D प्रोजेक्शन मैपिंग शो का उद्घाटन
- मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आधुनिक लाइट एंड साउंड शो की शुरुआत की
- करीब 8 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुआ प्रोजेक्ट
- पार्क को सुकून, स्वास्थ्य और सकारात्मक ऊर्जा का प्रमुख केंद्र बताया
- पार्क में सिंथेटिक ट्रैक निर्माण और सौंदर्यीकरण की घोषणा
- सुबह-शाम सैर करने वालों के लिए और बेहतर सुविधाएं मिलेंगी
- म्यूजिकल फाउंटेन पर भगवान हनुमान जी की 3D कथा का प्रदर्शन
- पार्क को मनोरंजन के साथ-साथ मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के लिए उपयोगी बताया
- गुरुग्राम की बढ़ती आबादी के बीच पार्क की अहमियत और बढ़ी





