हरियाणा के चरखी दादरी से खौफनाक मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने पैसों के लालच में आकर अपने ही पति की हत्या की साजिश रच डाली। पुलिस के द्वारा की गई जांच में सामने आया है कि पत्नी की नजर अपने पति की संपत्ति, बीमा पॉलिसी और अन्य फायदें पर थी। आरोपी पत्नी ने फरवरी और अप्रैल 2026 में पति के नाम पर 60-60 लाख रुपये की दो जीवन बीमा पॉलिसियां करवाईं थी जिनमें वो खुद नॉमिनी थी। साथ ही पैतृक जमीन और लाखों के लेन-देन को मिलाकर करीब 2 करोड़ रुपये के फायदे का पूरा प्लान तैयार किया था।
सड़क हादसे का किया नाटक, बहन को हुआ शक
बुधवार को डीएसपी मुख्यालय धीरज कुमार ने थाना प्रभारी सतवीर सिंह व जांच अधिकारी सुरेंद्र दांगी के साथ प्रेस वार्ता में पूरे मामले का खुलासा किया। डीएसपी ने जानकारी दी कि 19 अप्रैल की रात थाना सदर दादरी क्षेत्र के गांव तिवाला के पास स्कूटी को पीछे से एक वाहन ने टक्कर मार दी थी। इस हादसे में प्रदीप गंभीर रूप से घायल हो गया था। पहले तो पुलिस ने इसे सड़क दुर्घटना मानकर मामला दर्ज कर लिया था। लेकिन 24 अप्रैल को घायल युवक प्रदीप की बहन ने पुलिस में शिकायत दर्ज देकर मामले पर शक जताया। बहन ने बताया कि स्कूटी को मामूली नुकसान हुआ, जबकि प्रदीप को गंभीर चोटें आईं। इसी आधार पर पुलिस ने मामले की दिशा बदलते हुए गहन जांच शुरू की।
कॉल डिटेल्स और डिजिटल सबूतों ने खोल दिया पूरा राज
जैसे-जैसे पुलिस की जांच आगे बढ़ी, वैसे-वैसे सारे राज से पर्दें उठते गए। पुलिस ने मोबाइल कॉल डिटेल, बैंक ट्रांजैक्शन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की, जिसमें कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आये। जांच में सामने आया कि कि आरोपी पत्नी ने पति के पैसों से खरीदी गई बाइक अपने प्रेमी को दे रखी थी। इस वारदात में इस्तेमाल मोबाइल फोन, सिम कार्ड और अन्य डिजिटल सबूत भी बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने पूरी प्लानिंग के साथ टक्कर मारकर हत्या को हादसे का रूप देने की कोशिश की थी।
ये भी पढ़ें- हरियाणा में लाल डोरा विवाद पर बड़ा फैसला, पंचायत अधिकारियों से छीने अधिकार
पत्नी समेत कुल 5 लोग गिरफ्तार
इस मामले में पुलिस ने आरोपी पत्नी समेत 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें मुकेश निवासी बादल, जसबीर उर्फ मोंटी, रवि सांगवान और अक्षय शामिल हैं। आरोपी महिला के पास से आईफोन-13 और सिम कार्ड भी बरामद किया गया है। तमाम आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
- चरखी दादरी में 2 करोड़ के लालच में पत्नी ने रची पति की हत्या की साजिश
- बीमा पॉलिसी और संपत्ति हथियाने के लिए बनाया पूरा प्लान
- फरवरी-अप्रैल 2026 में 60-60 लाख की दो बीमा पॉलिसी करवाई
- पत्नी खुद थी दोनों पॉलिसियों की नॉमिनी
- सड़क हादसे का नाटक कर हत्या को दुर्घटना दिखाने की कोशिश
- 19 अप्रैल को स्कूटी को टक्कर मारकर वारदात को दिया अंजाम
- बहन को हुआ शक, शिकायत के बाद खुला मामला
- कॉल डिटेल्स और डिजिटल सबूतों ने खोला पूरा राज
- पति के पैसों से खरीदी बाइक प्रेमी को देने का खुलासा
- पुलिस ने पत्नी समेत 5 आरोपियों को किया गिरफ्तार
- आईफोन-13, सिम कार्ड और अन्य सबूत बरामद
- सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर भेजा गया न्यायिक हिरासत में





