खेत में मिला युवक का शव, चेहरे पर एसिड डालकर हत्या का प्रयास

SHARE:

करनाल: मंगलवार को करनाल के गांव नन्हेड़ा खेत में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के चेहरे पर तेजाब डाला गया और शरीर पर मारपीट के गहरे निशान मिले हैं। मृतक के परिजनों का आरोप है कि कुछ युवक उनके बेटे को घर से बुलाकर ले गए थे। पुरानी रंजिश के चलने उन्होंने हत्या को अंजाम दिया है। घटना की सूचना प्राप्त होते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए इंद्री के सरकारी अस्पताल भेज दिया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

मृतक युवक की पहचान इंद्री क्षेत्र के गांव चुरनी जागीर निवासी 22 वर्षीय बॉबी के रूप में हुई है। उसका शव नन्हेड़ा गांव के पास खेतों में पड़ा मिला। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों के द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह संगोहा गांव के कुछ युवक बॉबी को घर से बुलाकर अपने साथ ले गए थे। बॉबी ने परिवार को बताया था कि वह पास में ही जा रहा है और जल्द लौट आएगा, लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंचा। परिवार ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। मंगलवार दोपहर पुलिस ने सूचना दी कि नन्हेड़ा गांव के पास खेतों में एक युवक का शव पड़ा मिला है।

मृतक बॉबी के भाई प्रिंस का आरोप है कि जब वे मौके पर पहुंचे तो बॉबी के चेहरे पर तेजाब डाला गया था और उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई थी। शव खेतों में फेंका हुआ था। उन्होंने आरोप लगाया कि संगोहा गांव के कुछ युवकों के साथ बॉबी की करीब डेढ़ साल से रंजिश चल रही थी। इस दौरान उस पर तीन बार हमला भी किया गया, लेकिन हर बार वह बच निकला।

परिजनों का कहना है कि पहले भी 20 से 25 लोगों के साथ विवाद हुआ था। आरोपियों ने घर में घुसकर हमला किया था, जिसको लेकर अदालत में मामला भी चला, लेकिन आरोपी बरी हो गए थे। इसके बाद से लगातार समझौते का दबाव बनाया जा रहा था। परिवार का आरोप है कि आरोपियों ने पहले ही बॉबी को जान से मारने की धमकी दी थी और अब उसी धमकी को अंजाम दिया गया है।

 

Join us on:

Leave a Comment